IPL में पंजाब किंग्स पहचान ना सकी जो काबिलियत, उसी के दम पर शाहरुख खान TNPL में बने चैम्पियन
तमिलनाडु के धाकड़ खिलाड़ी शाहरुख खान आईपीएल में 2021 से पंजाब किंग्स की टीम के साथ है। अभी तक आईपीएल की टीम ने उन पर ज्यादा भरोसा नहीं जताया है। वह तमाम तरह की प्रतिभा होने के बावजूद दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग में वो मुकाम फिलहाल हासिल नहीं कर पाए जिसकी उम्मीद थी।
शाहरुख खान को भारतीय क्रिकेट में अगले लेवल का फिनिशर माना जाता रहा है। लेकिन इस खिलाड़ी ने तमिलनाडु प्रीमियर लीग यानी टीएनपीएल में वो काम किया है, जिसके लिए वे जाने ही नहीं जाते। इतना ही नहीं, उन्होंने इस छुपी हुई काबिलियत के जरिए अपनी टीम को चैंपियन भी बना दिया। (Image- TNPL Twitter)

बड़े-बड़े चौके और छक्कों के लिए मशहूर शाहरुख खान इस बार गेंदबाजी के लिए चर्चित हैं। शाहरुख खान ने टीएनपीएल में अपनी टीम लाइका कोवई किंग्स को फाइनल मुकाबले में नेल्लई रॉयल किंग्स के खिलाफ जीत दर्ज करने में शानदार गेंदबाजी की। यहां शाहरुख खान ने 4 ओवर में मात्र 16 रन खर्च किए और 3 विकेट हासिल किए।
आप सोच रहे होंगे कि इसमें क्या बड़ी बात है! एक मैच में तो किसी का भी सिक्का चला सकता है। तो बता दें, कि शाहरुख खान ने टीएनपीएल के पूरे सीजन में अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी का जलवा कायम किया है और वे पर्पल कैप विजेता भी बन चुके हैं। इसको देखकर पंजाब किंग्स की टीम को भी एक बार इस खिलाड़ी की क्षमताओं का आकलन नए सिरे से करने की जरूरत पड़ सकती है।
शाहरुख खान ने टीएनपीएल में 9 मैच खेले जिसमें 17 विकेट लिए। उनका गेंदबाजी औसत 10.58 और उनकी इकोनामी 6.66 रही, जो बहुत ही जबरदस्त है। टीएनपीएल भी टी20 फॉर्मेट में खेला जाता है। शाहरुख खान इस लीग में अपनी टीम के कप्तान भी थे और उन्होंने अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।
जबकि शाहरुख के लिए आईपीएल 2023 का सीजन मिलाजुला रहा था जहां उन्होंने 14 मैचों में 166 के स्ट्राइक रेट के साथ 156 रन बनाए थे। लेकिन उनका औसत 22.8 रहा था। इसमें कोई शक नहीं है कि तमिलनाडु की स्पिन की मददगार धीमी पिचें खान की गेंदबाजी में मददगार रही है। यह भी सच है कि, पंजाब की टीम आईपीएल 2023 में मोहाली में अपने होम ग्राउंड को बेस बनाकर खेली थी जिस पर बहुत रन बरसते थे।
ये भी पढ़ें- ये हैं वेस्टइंडीज में सबसे ज्यादा 5 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज, फिर ऑफ स्पिन से डर गए कैरेबियाई खिलाड़ी
आईपीएल में दुनिया भर के क्लास खिलाड़ी भी आते हैं और टीनएनपीएल एक लोकल लीग है। तो जाहिरी तौर पर, आईपीएल के हालात से टीएनपीएन की तुलना नहीं हो सकती, लेकिन इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि शाहरुख खान की गेंदबाजी की काबिलियत को भी पहचानने और निखारने की जरूरत है और इसके लिए पंजाब टीम मैनेजमेंट को अपने तौर-तरीकों को और व्यापक करने की जरूरत है।
शाहरुख खान ने आईपीएल में पंजाब किंग्स की टीम के लिए एक ओवर भी नहीं फेंका है, इससे ज्यादा हैरानी की और बात क्या हो सकती है। हालांकि शाहरूख को गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी अपने हुनर को लगातार तराशने की जरूरत है क्योंकि उन्होंने गेंदबाजी में सनसनी मचाते हुए भले ही टीएनपीएल में 17 विकेट हासिल कर लिए, लेकिन बल्ले से वह 133 रन बना पाए। इस बल्लेबाज में इससे भी ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करने की काबिलियत मौजूद है।












Click it and Unblock the Notifications