शाहीन शाह अफरीदी अब नई टीम के लिए खेलेंगे, 3 साल तक पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे
Shaheen Afridi to play in ILT20: यूएई के टूर्नामेंट आईएलटी20 में शाहीन अफरीदी भी खेलते हुए दिखाई देंगे। पाकिस्तानी टीम के धमाकेदार गेंदबाज इस टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण में खेलेंगे। वह डेजर्ट वाइपर्स टीम का हिस्सा बनने वाले हैं। अफरीदी ने टीम से जुड़ने की उत्सुकता भी जताई है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में अफरीदी ने अपनी स्विंग और गति के दम पर धाक जमाई है। अब तक सभी फ़ॉर्मेट में उनके नाम 236 विकेट हैं। यह टैली उनके करियर के अंत तक काफी आगे जाने वाली है। यूएई के इस टूर्नामेंट में खेलने वाले वह पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन जाएंगे।

पिछले वर्ष भी डेजर्ट वाइपर्स ने पाकिस्तान के कुछ खिलाड़ियों को साइन करने का प्रयास किया था लेकिन सफलता नहीं मिली थी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों को एनओसी देने से मना कर दिया था। छह में से पांच टीमों का मालिकाना हक भारतीयों के पास हैं। इनकी आईपीएल में भी टीमें हैं। इन टीमों ने पाक खिलाड़ियों से किनारा किया है।
डेजर्ट वाइपर्स में चुने जाने को लेकर शाहीन अफरीदी ने कहा कि मैं काफी रोमांचित महसूस कर रहा हूं। यूएई में पाकिस्तान क्रिकेट के काफी संख्या में फैन्स हैं और मैं इसे लेकर पूरी तरह से अवगत हूं। मुझे यह भी उम्मीद है कि आने वाले संस्करण में वे सभी फैन्स दिल से हमारी टीम डेजर्ट वाइपर्स का सपोर्ट करने वाले हैं।
गौरतलब है कि पिछले सीजन में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को पांच टीमों ने खरीदने का प्रयास ही नहीं किया था। डेजर्ट वाइपर्स की तरफ से प्रयास देखने को मिले थे और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों को अनुमति प्रदान नहीं की। इस वजह से कोई भी पाकिस्तानी खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाया था। देखना होगा कि अफरीदी के अलावा अन्य कोई पाक खिलाड़ी इस टूर्नामेंट के लिए चुना जाएगा या नहीं। आसार तो कम ही नज़र आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications