शाहीन अफरीदी ने फाइनल में मचाया कहर, हैट्रिक के साथ 7 विकेट लेकर टीम को बनाया चैंपियन
Shaheen Afridi: शाहीन शाह अफरीदी ने नेशनल चैंपियंस कप के फाइनल में ऐसी गेंदबाजी की, जिसे पाकिस्तान क्रिकेट फैंस लंबे समय तक याद रख सकते हैं। मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान गोल्ड के कप्तान ने अकेले ही पाकिस्तान ग्रीन्स की पारी को तहस-नहस कर दिया।
शाहीन ने सिर्फ 36 रन देकर 7 विकेट झटके और इसी दौरान हैट्रिक भी पूरी की। यह लिस्ट-ए क्रिकेट में उनका अब तक का सबसे शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन रहा। इस प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान गोल्ड ने शादाब खान की कप्तानी वाली पाकिस्तान ग्रीन्स को 101 रन से हराकर नेशनल चैंपियंस कप का खिताब अपने नाम कर लिया।

गोल्ड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 340 रन बनाए थे, जिसके जवाब में ग्रीन्स की टीम 37.3 ओवर में 239 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान गोल्ड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआत से ही बड़े स्कोर की तैयारी कर दी थी। शमील हुसैन और साद खान ने ऐसी पारियां खेलीं, जिससे टीम 300 के पार पहुंचने में सफल रही।
शमील ने 93 गेंदों पर 111 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इसके बाद साद खान ने भी अपना शतक पूरा किया और 102 गेंदों में 112 रन ठोक दिए। उन्होंने भी 11 चौके और 4 छक्के लगाए। दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों ने गोल्ड को 340 रन तक पहुंचा दिया।
ग्रीन्स ने दी अच्छी शुरुआत, फिर बदला पूरा मैच
341 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ग्रीन्स की शुरुआत देखकर ऐसा नहीं लग रहा था कि मुकाबला इतनी जल्दी एकतरफा हो जाएगा। साद बेग ने 51 गेंदों में 67 रन की तेज पारी खेली, जबकि ओमैयर यूसुफ ने 44 रन बनाए। एक समय ग्रीन्स का स्कोर 147 रन पर तीन विकेट था और टीम मुकाबले में बनी हुई थी।
इसके बाद शाहीन अफरीदी ने गेंद अपने हाथ में ली और मैच की कहानी ही बदल दी। उन्होंने लगातार विकेट निकालकर ग्रीन्स के बल्लेबाजों को दबाव में ला दिया। फरहान यूसुफ और मोहम्मद सुलेमान के विकेट के बाद शाहीन ने कप्तान शादाब खान को भी पवेलियन भेज दिया। कुछ ही समय में ग्रीन्स का स्कोर 167 रन पर 6 विकेट हो गया।
आखिर में शाहीन ने पूरी की हैट्रिक
ग्रीन्स की उम्मीदें उस समय फिर जगीं, जब फहीम अशरफ और नसीम शाह ने सातवें विकेट के लिए 61 रन जोड़ दिए। लेकिन शाहीन ने नसीम शाह को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ दिया और इसके बाद जो हुआ, उसने फाइनल का रोमांच पूरी तरह खत्म कर दिया।
शाहीन ने पहले मेहरान मुमताज को एलबीडब्ल्यू किया। अगली गेंद पर सलमान मिर्जा को अपनी ही गेंद पर कैच किया और फिर मोहम्मद हसनैन को बोल्ड करके हैट्रिक पूरी कर ली। तीन गेंदों में तीन विकेट और मुकाबला पाकिस्तान गोल्ड की मुट्ठी में आ गया।
HAT-TRICK FOR SHAHEEN AFRIDI IN THE NATIONAL CHAMPIONS CUP FINAL. 🥶 pic.twitter.com/X80HuXsaaV
— Sheri. (@CallMeSheri1_) August 18, 2026
शाहीन ने कुल 8.3 ओवर में 36 रन देकर 7 विकेट लिए। यह उनके लिस्ट-ए करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। पाकिस्तान गोल्ड ने 101 रन की जीत के साथ ट्रॉफी उठाई और फाइनल के सबसे बड़े स्टार शाहीन अफरीदी रहे।


Click it and Unblock the Notifications
