संजीव गोयनका की फटकार से बच गए लेकिन BCCI ने लपेट दिया, LSG के 2 खिलाड़ियों को मिली सज़ा
LSG vs MI: लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ हुए रोमांचक मुकाबले में धमाकेदार जीत दर्ज करते हुए सीजन में दूसरी बार विजय प्राप्त की। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने अंतिम ओवर तक जीतने का प्रयास किया लेकिन सफलता प्राप्त नहीं हुई।
मुकाबले के दौरान बार-बार संजीव गोयनका का चेहरा दिखाया जा रहा था। कई बार वह गुस्से वाली मुद्रा में भी थे लेकिन जीत दर्ज करने के बाद उनके चेहरे पर मुस्कान बिखर गई। इस बीच लखनऊ की टीम संजीव गोयनका के गुस्से से तो बच गई लेकिन बीसीसीआई से नहीं बच पाई।

बीसीसीआई की तरफ से लखनऊ सुपर जायंट्स के दो प्लेयर्स के ऊपर हथौड़ा चला दिया गया है। टीम की जीत की ख़ुशी में बोर्ड ने थोड़ा गम देने का काम किया है। इसमें कप्तान ऋषभ पंत का नाम भी शामिल है। ऋषभ पंत को भी सज़ा दी गई है।
LSG vs MI मैच में पंत से क्या गलती हुई
दरअसल धीमे ओवर रेट की वजह से ऋषभ पंत को जुर्माना लगा है। उनके जुर्माने की राशि 12 लाख रुपये है। एक टीम को अपने 20 ओवर महज 90 मिनट की अवधि में समाप्त करने होते हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम इस अवधि को पार कर गई थी। इसी वजह से अंतिम ओवर में उनके ऊपर 30 गज के दायरे में खड़े होने वाले फील्डरों को लेकर पेनल्टी लगी थी।
LSG vs MI मैच के बाद दिग्वेश राठी को भी सज़ा
उधर पंत के अलावा दिग्वेश राठी के ऊपर भी जुर्माना लगा है। उनका वही रवैया देखने को मिला, जो पिछले मैच में था। सिग्नेचर सेलिब्रेशन की वजह से एक बार फिर से एक्शन लिया गया है। मुंबई के बल्लेबाज नमन धीर को आउट करने के बाद उन्होंने वी एक्शन किया था।
पिछले मैच में भी किया था सेलिब्रेशन
इससे पहले पंजाब किंग्स के प्रियांश आर्या के पास जाकर उन्होंने वही सेलिब्रेशन किया था। उस समय उनके ऊपर 25 फीसदी जुर्माना लगाने के अलावा एक डीमेरिट अंक भी दिया गया था। इस बार दिग्वेश के ऊपर 50 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। हालांकि वह प्लेयर के पास नहीं गए थे लेकिन पिछले फाइन का कोई असर देखने को नहीं मिला था। अब शायद वह आगे ऐसा नहीं करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications