वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया में संजू सैमसन की वापसी, वर्ल्ड कप से पहले देनी होगी अग्निपरीक्षा?
India's ODI Squad: बीसीसीआई ने शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट और तीन वनडे मैचों के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस दौरान संजू सैमसन (Sanju Samson) की वनडे टीम में वापसी हुई है। टीम की कप्तानी रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ही संभालेंगे।
संजू सैमसन का अंतरराष्ट्रीय करियर अब तक ठप पड़ा हुआ था। उन्होंने टीम इंडिया की वनडे स्क्वाड में शामिल होने से पहले आखिरी वनडे मैच पिछले साल नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जहां सैमसन ने 38 गेंदों में 36 रन की पारी खेली थी। हालांकि, उन्होंने आईपीएल 2023 में अच्छी वापसी की थी।

वनडे में सैमसन की एंट्री वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा संकेत
संजू सैमसन को ऐसे समय में एंट्री मिली है, जब केएल राहुल चोट के कारण अनुपलब्ध हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो संजू सैमसन को वनडे स्क्वाड में शामिल करने के पीछे का कारण आगामी विश्व कप माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैमसन को ऋषभ पंत के बैक-अप के तौर पर तैयार किया जा रहा है। हालांकि, पूरी उम्मीद है कि ऋषभ पंत विश्व कप से पहले ठीक हो सकते हैं।
संजू सैमसन का वनडे करियर
संजू सैमसन के पास वनडे करियर में कुछ शानदार आंकड़े हैं। उन्होंने 11 एकदिवसीय पारियों में 66 की औसत और 104 की शानदार स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए हैं, जिसमें उनके नाम दो अर्द्धशतक भी शामिल हैं, इस दौरान सैमसन का बेस्ट स्कोर 86 रन रहा है।
संजू सैमसन ने टी20 इंटरनेशनल में 17 मैच खेलकर 301 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके नाम एक अर्धशतक भी है। सैमसन को अपने लगभग आठ साल के करियर में ज्यादा मौके नहीं मिले हैं, लेकिन बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हें टीम इंडिया में शामिल कर लिया है। यहां उनके द्वारा किया गया प्रदर्शन ही उनके लिए आगे के रास्ते खोलेगा। विश्व कप में उन्हें टीम इंडिया में जगह मिलेगी या नहीं उसको लेकर यहां किए गए प्रदर्शन से बहुत कुछ स्पष्ट हो जाएगा।
भारत की वनडे टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या (उपकप्तान), शार्दुल ठाकुर, आर जडेजा, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, जयदेव उनादकट, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, मुकेश कुमार।












Click it and Unblock the Notifications