संजू सैमसन के बल्ले ने उगली आग, रांची में तूफानी पारी खेल की विराट कोहली के क्लब में एंट्री
संजू सैमसन के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची में खेला जा रहा दूसरा टी20 मुकाबला खुद को साबित करने का बड़ा मौका बन गया। पिछले कुछ मैचों से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने इस बार शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए।
उन्होंने महज 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर न सिर्फ अपनी फॉर्म को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया, बल्कि विराट कोहली के एक खास रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। भारतीय पारी की शुरुआत में अभिषेक शर्मा ने 19 रन बनाए, लेकिन वह बड़ी पारी में तब्दील नहीं हो सकी।

उनके आउट होने के बाद संजू ने रन बनाने की जिम्मेदारी संभाली और वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर तेजी से हमला बोल दिया। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाते हुए स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया। पावरप्ले में सैमसन ने विंडीज गेंदबाजी को तहस-नहस करने का काम किया।
6 रन पर मिला जीवनदान, फिर गेंदबाजों की शामत
संजू की इस पारी में एक अहम मोड़ भी आया। वह जब 6 रन पर खेल रहे थे, तब उनका आसान कैच छूट गया। वेस्टइंडीज के पास उन्हें जल्दी पवेलियन भेजने का मौका था, लेकिन यह जीवनदान भारतीय बल्लेबाज के लिए काफी महंगा साबित हुआ।
इसके बाद संजू ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और केवल 21 गेंदों पर पचासा पूरा कर लिया। सैमसन शतक के करीब जाकर आउट हो गए। वह 41 गेंदों में 82 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बल्ले से 4 छक्के और 9 चौके आए।
विराट कोहली के खास रिकॉर्ड की बराबरी
संजू का 21 गेंदों में अर्धशतक इसलिए भी खास बन गया, क्योंकि वह वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में विराट कोहली के बराबर पहुंच गए हैं। कोहली ने 2019 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ 21 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया था। अब संजू ने रांची में इतनी ही गेंदों में पचासा जड़कर इस उपलब्धि की बराबरी कर ली है।


Click it and Unblock the Notifications
