संजीव गोयनका की सुपर जायंट्स ने खिताबी जीत से रचा इतिहास, फाइनल के अंतिम ओवर में हुआ विनर का फैसला
Sanjiv Goenka: संजीव गोयनका की मालिकाना हक वाली मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने आखिरकार वह कर दिखाया, जिसका टीम को लंबे समय से इंतजार था। द हंड्रेड 2026 के फाइनल में सुपर जायंट्स ने ट्रेंट रॉकेट्स को 5 विकेट से हराकर पहली बार इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। लॉर्ड्स में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले का फैसला आखिरी ओवर में हुआ।
ट्रेंट रॉकेट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 158 रन बनाए। लक्ष्य बहुत बड़ा नहीं था, लेकिन फाइनल का दबाव अलग होता है। मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को शुरुआत में संभलकर खेलना पड़ा। इसके बाद न्यूजीलैंड के टिम सिफर्ट ने ऐसी पारी खेली, जिसने पूरे मैच का रुख बदल दिया।

साइफर्ट ने बल्ले से मचाई तबाही
टिम साइफर्ट ने सिर्फ 38 गेंदों में 72 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 7 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए और सुपर जायंट्स को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया। उनके आउट होने के बाद टीम थोड़ी मुश्किल में जरूर दिखी लेकिन मुकाबला हाथ से नहीं निकलने दिया।
आखिर में लियाम डॉसन ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने 19.3 गेंदों में 5 विकेट खोकर 162 रन बना दिए और ट्रेंट रॉकेट्स की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। साइफर्ट की पारी को मुकाबले का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट माना गया।
गोयनका के लिए भी बड़ी कामयाबी
इस खिताब की खास बात सिर्फ इतनी नहीं है कि सुपर जायंट्स ने पहली बार द हंड्रेड जीता। यह संजीव गोयनका के क्रिकेट फ्रेंचाइजी बिजनेस के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है।
RPSG ग्रुप ने 2025 में मैनचेस्टर ओरिजिनल्स में 70 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। इसके बाद 2026 सीजन से टीम का नाम बदलकर मैनचेस्टर सुपर जायंट्स कर दिया गया। टीम में पहले से मौजूद जोस बटलर जैसे बड़े नामों के साथ कई अंतरराष्ट्रीय सितारे भी जुड़े।
गोयनका के पास है कई टीमें
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स अब RPSG ग्रुप की क्रिकेट फ्रेंचाइजी की सूची में लखनऊ सुपर जायंट्स और डरबन सुपर जायंट्स के साथ शामिल है। RPSG के लिए द हंड्रेड की यह ट्रॉफी खास इसलिए भी है क्योंकि नए नाम और नए मालिकाना दौर की शुरुआत टीम ने सीधे खिताब के साथ की है। गोयनका के लिए ट्रॉफी जीतना एक नई शुरुआत की तरह है, आईपीएल में उनकी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स को पहली खिताबी जीत का इंतजार है, इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग में भी उनकी एक टीम है।


Click it and Unblock the Notifications
