'शादी करने पर खत्म हो जाती है निजी जिंदगी', साक्षी धोनी ने शादी को लेकर दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 लीग आईपीएल के 15वें सीजन का आगाज 26 जनवरी से होने जा रहा है, जिसके पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। टूर्नामेंट के आगाज से पहले टीमों के खिलाड़ी अपने-अपने खेमे में अभ्यास करते नजर आ रहे हैं। इस बीच अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है जिसमें दिग्गज खिलाड़ियों की पत्नियां एक साथ नजर आ रही हैं और क्रिकेटर से शादी के बाद अपने अनुभव को शेयर कर रही हैं। इस वीडियो में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी धोनी भी शामिल हैं और उन्होंने इंटरव्यू के दौरान शादी के बाद की जिंदगी को लेकर बड़ा बयान दिया है।

और पढ़ें: जब हरभजन सिंह ने मैच के दौरान श्रीसंत को जड़ा था थप्पड़, जानें क्या रहे करियर के बड़े विवाद

शादी के बाद खत्म हो जाती है पर्सनल लाइफ
इस वीडियो में साक्षी धोनी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपनी राय रखी है और शादी के बाद महिलाओं के जीवन में आने वाले बदलावों को लेकर अपनी बात कही है। इस वीडियो में साक्षी धोनी ने कहा,'शादी के बाद सभी महिलाओं की जिंदगी में बड़ा बदलाव आ जाता है लेकिन एक क्रिकेटर की पत्नी की लाइफ सबसे ज्यादा प्रभावित होती है। जहां शादी के बाद औरों के पति ऑफस जाते हैं तो उनकी पत्नियों को अपने पार्टनर पर दबाव कम करने के लिये अपनी जिंदगी में बदलाव करना पड़ता है तो वहीं पर क्रिकेटर्स की पत्नी की पर्सनल लाइफ खत्म हो जाती है। आप अपनी मर्जी के हिसाब से नहीं जी पाते हैं, आप अपने जीवन में कुछ भी करो हर तरफ आप पर कैमरे की नजर होती है।'

12 साल पहले साक्षी ने की थी शादी
गौरतलब है कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 4 जुलाई 2010 को साक्षी धोनी के साथ कुछ खास लोगों की मौजूदगी में शादी की थी। शादी से पहले दोनों ने एक दूसरे को दो साल तक डेट भी किया था। शादी से पहले साक्षी क्रिकेट नहीं देखती थी लेकिन शादी के बाद वो धोनी के साथ हर जगह समर्थन करती हुई नजर आयी हैं। इस दौरान कई बार जब लोगों ने धोनी को लेकर सवाल उठाये तो वो उसका मुंहतोड़ जवाब देने से भी पीछे नहीं हटी। साक्षी और धोनी की अब एक बेटी जीवा भी है, जिनकी क्यूट वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होती नजर आती है।

आईपीएल की तैयारियों में जुटे हैं धोनी
आपको बता दें कि फिलहाल महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन की तैयारियों के लिये अपनी पूरी टीम के साथ गुजरात में अभ्यास कर रहे हैं, जहां पर टीम का ट्रेनिंग कैम्प लगाया गया है। इस अभ्यास की कई तस्वीरें सीएसके ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी शेयर की हैं, जिसमें धोनी नेटस पर पसीना बहाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान वो न सिर्फ अपने खेल को मजबूत कर रहे हैं बल्कि युवा खिलाड़ियों को अपने मेंटॉरशिप से भी संवारते नजर आ रहे हैं। सीएसके की टीम ने इस साल धोनी को 12 करोड़ रुपये में रिटेन किया है।












Click it and Unblock the Notifications