'बाबा आप बहुत याद आते हो', पिता की पुण्यतिथि पर भावुक हुए सचिन तेंदुलकर
टीम इंडिया के दिग्गज क्रिकेटर भारत रत्न से सम्मानित सचिन तेंदुलकर ने अपने पिता रमेश तेंदुलकर की 25वीं पुण्यतिथि पर भावुक पोस्ट लिखा है। सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके पिता को याद किया है।
सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर पिता की तस्वीर को साझा करते हुए कहा कि बाबा को गए 25 वर्ष हो गए हैं। 25 वर्ष पहले उन्होंने हमें अलविदा कह दिया। आज उनकी पुरानी कुर्सी के पास खड़ा होकर ऐसा महसूस होता है कि वह यहीं साथ हैं।

जब बाबा गए तो उस वक्त मेरी उम्र सिर्फ 26 वर्ष थी। आज जब मैं 51 वर्ष का हूं तो मैं और भी स्पष्ट तरीके से यह देख पा रहा हूं कि बाबा का मेरे जीवन पर कितना असर है, मेरे साथ कई और लोगों के जीवन पर उनका असर रहा है।
उनकी समझ, दयालुता आज भी मुझे प्रेरित करती है। मैं आपको हर दिन याद करता हूं बाबा, मुझे उम्मीद है कि मैं आपकी शिक्षा और मूल्यों को अपने जीवन में उतार सकूं और इसके साथ ही जीवन व्यतीत करूं।
सचिन तेंदुलकर की पोस्ट पर पाकिस्तानी क्रिकेटर सईद अनवर ने पोस्ट करके लिखा मुझे पता है कि इसे शब्दों में बयान करना कितना मुश्किल है, हमेशा खुश रहो मेरे भाई।
बता दें कि सचिन तेंदुलकर के पिता का 1999 में निधन हो गया था। उस वक्त सचिन तेंदुलकर इंग्लैंड दौरे पर थे। सचिन के पिता मराठी उपन्यासकार और कवि थे।
सचिन ने अपने पिता को उनकी पुण्यतिथि पर मुंबई स्थित मराठी संग्रहालय में याद किया। संग्रहालय में सचिन के पिता की यादों को संजो कर रखा गया है। यहां सचिन के पिता की लिखी किताबों का संकलन मौजूद है।
सचिन 43 वर्ष के बाद मराठी संग्रहालय पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इस जगह को 43 वर्ष बाद आया हूं, बाबा की 25वीं पुण्यतिथि पर यहां आना भावुक क्षण है।
सचिन तेंदुलकर ने जिस तरह से भावुक पोस्ट लिखी है उसपर बड़ी संख्या में प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा आप जबरदस्त बेटे हैं, आपके पिता ने आपके भीतर अच्छे संस्कार डाले हैं, आप पर हर किसी को गर्व है।












Click it and Unblock the Notifications