सचिन तेंदुलकर के फर्जी वीडियो से सारा को लेकर दुष्प्रचार, बेटी के लिए पिता ने मांगी फैन्स से मदद
Sachin Tendulkar deepfake Video: डीपफेक वीडियो से तकनीक का दुरूपयोग आजकल काफी बढ़ गया है। किसी का भी चेहरा वीडियो में लगाकर इसे सोशल मीडिया में वायरल किया जाता है। ताजा मामला भारतीय टीम के पूर्व लीजेंड सचिन तेंदुलकर को लेकर है। तेंदुलकर का भी डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया पर आया है।
इसके बाद खुद सचिन ने आकर अपना गुस्सा और नाराजगी जाहिर करते हुए फैन्स से मदद मांगी है। तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आकर इस डीपफेक वीडियो का खुलासा किया है। तेंदुलकर ने उनकी बेटी सारा तेंदुलकर को लेकर दुष्प्रचार फैलाने वाले वीडियो को गलत बताया।

तेंदुलकर ने उस नकली वीडियो को सोशल मीडिया पर डालकर बताया कि यह सब फर्जी है। तेंदुलकर ने लिखा 'ये वीडियो नकली है और आपको धोखा देने के लिए बनाया गया है। टेक्नोलॉजी का इस प्रकार का दुरुपयोग बिल्कुल गलत है। आप सब से विनती है कि ऐसे वीडियो या एप या विज्ञापन आपको अगर नजर आए तो उन्हें तुरंत रिपोर्ट करें।'
आगे उन्होंने लिखा 'सोशल मीडिया प्लेटफार्मों को भी सावधान रहना चाहिए और इनके खिलाफ की गई शिकायत पर जल्द से जल्द एक्शन लेना चाहिए। उनकी भूमिका इस बारे में बहुत जरूरी है ताकि गलत सूचना और खबरों को रोका जा सके और डीपफेक का दुरुपयोग खत्म हो।'
डीपफेक वीडियो में दिखाया गया है कि तेंदुलकर 'स्काईवर्ड एविएटर क्वेस्ट' नामक एप का प्रचार कर रहे हैं और कहते दिख रहे हैं कि मेरी बेटी पैसे कमाने के लिए यह गेम खेल रही है। डीपफेक वीडियो में तेंदुलकर और उनकी बेटी सारा तेंदुलकर दोनों को लेकर दुष्प्रचार किया गया है।
तेंदुलकर ने अपने ट्वीट में आईटी मंत्रालय और इसके मंत्री राजीव चंद्रशेखर को टैग किया है। इसके अलावा महाराष्ट्र सायबर को भी टैग किया है। तेंदुलकर के खुलासे के बाद महाराष्ट्र सायबर सेल ने इस डीपफेक वीडियो की जांच शुरू कर दी है। दोषियों की पहचान के लिए यह कदम उठाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications