14 साल पहले थप्पड़ मारने वाले हरभजन सिंह को एस श्रीसंत ने बताया अपना दोस्त, कहा- 'तेरे जैसा यार कहां...'
14 साल पहले 2008 आईपीएल के दौरान हरभजन सिंह और एस श्रीसंत के बीच थप्पड़ विवाद हुआ था। हरभजन सिंह ने श्रीसंत को थप्पड़ मारा था। इसके बाद हरभजन सिंह पर पूरे सीजन के लिए बैन लगा दिया गया था।

टीम इंडिया के दो पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह और एस श्रीसंत के बीच 2008 में आईपीएल के पहले संस्करण में हुए थप्पड़ कांड को शायद ही कोई भूला होगा। वो थप्पड़ कांड आईपीएल के सबसे बड़े विवादों में से एक रहा है। भारतीय टीम में एकसाथ खेल चुके एस श्रीसंत और हरभजन सिंह में हुए इस झगड़े से बहुत बड़ा विवाद खड़ा हुआ था। हरभजन सिंह ने आईपीएल के एक मैच में एस श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। यह थप्पड़ कांड तब हुआ था, जब इन दोनों खिलाड़ियों ने एक साल पहले ही भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप खेला था और जीता भी था। इसके बाद भी यह दोनों खिलाड़ी 2011 वर्ल्ड कप में भी एक साथ खेले थे और जीते भी थे। इस थप्पड़ कांड के 14 साल बाद एस श्रीसंत ने उस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया दी है।
श्रीसंत ने कहा- भज्जी पा मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं
दरअसल, एस श्रीसंत इन दिनों कतर की राजधानी दोहा में लीजेंड्स लीग क्रिकेट खेल रहे हैं। कतर में ही उन्होंने स्पोर्ट्स यारी यूट्यूब चैनल को एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि मैं और भज्जी पा हमेशा एक अच्छे दोस्त रहे हैं और जो उस वक्त हुआ था वो बस एक गलतफहमी थी, लेकिन मीडिया ने उस गलतफहमी को बहुत बड़ा मुद्दा बनाया था। मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि भज्जी पा ने मेरा बहुत सपोर्ट किया है। उन्होंने मुझे करियर के साथ-साथ हाल ही में कॉमेंट्री टिप्स भी दिए हैं और इसके लिए मैं उनका बहुत आभारी हूं। एस श्रीसंत ने इस दौरान हरभजन सिंह के लिए 'तेजे जैसा यार कहां...' गाना भी गाया। श्रीसंत ने कहा कि उनके साथ मेरा रिश्ता ऐसा ही है।
थप्पड़ कांड के बाद हरभजन सिंह पर लगा था बैन
आपको बता दें कि यह थप्पड़ कांड आईपीएल के पहले संस्करण में हुआ था, जब मुंबई और किंग्स इलेवन पंजाब का मैच था। हरभजन सिंह मुंबई की तरफ से खेल रहे थे तो वहीं एस श्रीसंत किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से खेल रहे थे। इसी मैच में भज्जी और श्रीसंत के बीच कुछ विवाद हुआ था, जिसके बाद भज्जी ने श्रीसंत को थप्पड़ लगा दिया था। इस हाथापाई के बाद हरभजन सिंह टूर्नामेंट के बाकि मुकाबलों के लिए बैन कर दिए गए थे। साथ ही उन्हें बीसीसीआई ने 5 वनडे मैच के लिए भी प्रतिबंधित कर दिया था। इस विवाद के बाद से हरभजन सिंह भी कई बार अपनी गलती मान चुके हैं और अब वो भी श्रीसंत को अपना अच्छा दोस्त बताते हैं। भज्जी ने पिछले साल ही कहा था कि मैंने जो किया था वो बहुत गलत था।












Click it and Unblock the Notifications