IND vs NZ 1st T20: ऋतुराज गायकवाड़ चोट की वजह से पूरी सीरीज से हुए बाहर, क्या पृथ्वी को मिलेगा मौका?
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच से पहले भारत के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ कलाई में चोट की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच से पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लग गया है। दरअसल, टीम के सलामी बल्लेबाजी ऋतुराज गायकवाड़ चोट की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। हालांकि उनके बाहर होने की अटकलें कई दिनों से लगाई जा रही थी, लेकिन बीसीसीआई की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी, लेकिन शुक्रवार को मैच से पहले यह जानकारी बोर्ड ने साझा कर दी है कि कलाई की चोट के कारण ऋतुराज गायकवाड़ पूरी टी20 सीरीज नहीं खेल पाएंगे। सीरीज का पहला मैच आज रांची में खेला जाएगा।
टीम के साथ रांची नहीं पहुंचे थे ऋतुराज गायकवाड़
बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र ने पीटीआई को बताया है कि ऋतुराज गायकवाड़ की चोट काफी सीरियस है और वो एनसीए में रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। आपको बता दें कि पहले टी20 के लिए भारतीय टीम मंगलवार को ही रांची पहुंच गई थी, लेकिन गायकवाड़ टीम के साथ नहीं थे। उन्होंने बुधवार को एनसीए में रिपोर्ट किया। गायकवाड़ ने अपनी सीधी कलाई के दर्द के बारे में बीसीसीआई (BCCI) की मेडिकल टीम को जानकारी दी।
क्या पृथ्वी को मिलेगा मौका?
आपको बता दें कि ऋतुराज गायकवाड़ के सीरीज से बाहर होने के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या पृथ्वी शॉ को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल पाएगी? सलामी बल्लेबाज के रूप में शुभमन गिल का स्थान पक्का है। उनके साथ ओपनिंग के लिए ईशान किशन और पृथ्वी शॉ दो विकल्प हैं। अब देखना यह होगा कि हार्दिक पांड्या ओपनिंग ईशान से करवाते हैं या फिर उन्हें मिडिल ऑर्डर में खिलाकर पृथ्वी को मौका दिया जाता है।
श्रीलंका टी20 सीरीज भी नहीं खेले थे गायकवाड़
रणजी ट्रॉफी में महाराष्ट्र के लिए खेलने वाले ऋतुराज गायकवाड़ कलाई की चोट के कारण ही श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज भी नहीं खेल पाए थे। पिछले कुछ समय से गायकवाड़ के साथ कुछ न कुछ अनहोनी हो रही है, जिसकी वजह से वो टीम में चुने जाने के बाद भी मैच नहीं खेल पा रहे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ भी घरेलू सीरीज के आगाज से पहले गायकवाड़ कोरोना पॉजिटिव हो जाने के कारण वहां नहीं खेल पाए थे।












Click it and Unblock the Notifications