इंग्लैंड दौरे के लिए तैयार थे रोहित शर्मा, खेलना चाहते थे मैच, फिर अचानक क्यों लिया संन्यास?
Rohit Sharma News: रोहित शर्मा का टेस्ट क्रिकेट से अचानक संन्यास लेना एक बड़ा सवाल बन गया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने एक महीने पहले ही इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने की बात की थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट से संन्यास नहीं लेना चाहते थे। बल्कि वे इंग्लैंड में दो टेस्ट मैच खेलना चाहते थे। फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि रोहित शर्मा ने टेस्ट को अलविदा कह दिया।
रोहित ने क्यों लिया संन्यास (Rohit Sharma News)
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रोहित शर्मा ने भारतीय चयनकर्ताओं से यह प्रस्ताव रखा था कि वे टेस्ट क्रिकेट की कप्तानी छोड़ देंगे। लेकिन वह इंग्लैंड में दो टेस्ट मैच खेलने की इच्छा रखते हैं। हालांकि, चयनकर्ता इस प्रस्ताव पर सहमत नहीं हुए और इस कारण रोहित ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का निर्णय लिया। रोहित शर्मा के संन्यास लेने के कुछ दिन बाद विराट कोहली ने भी टेस्ट से अलविदा कह दिया।

रोहित शर्मा ने रखा था खास प्रस्ताव
स्काई स्पोर्ट्स के मुताबिक एक सूत्र ने बताया कि रोहित इंग्लैंड दौरे के बीच में ही संन्यास लेने की योजना बना रहे थे। ठीक वैसे ही जैसे एमएस धोनी ने टेस्ट से हटकर विराट कोहली को कप्तानी सौंप दी थी। हालांकि, चयनकर्ता इंग्लैंड दौरे के लिए नेतृत्व के मामले में निरंतरता चाहते थे और उन्होंने रोहित को सूचित किया कि वह टीम का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन कप्तान नहीं होंगे। जिसके बाद रोहित ने टेस्ट से संन्यास का ऐलान कर दिया।
कौन होगा टीम का अगला कप्तान
रिपोर्ट्स के अनुसार भारतीय टीम के टेस्ट कप्तान के बारे में चर्चा जारी है। रोहित शर्मा के भविष्य पर फैसला लेने के दौरान विराट कोहली को दोबारा कप्तान बनाने की संभावना पर विचार किया गया था। लेकिन कोहली के संन्यास के बाद अब वो विकल्प चयनकर्ताओं के पास नहीं है। इसके साथ ही जसप्रीत बुमराह का नाम भी सामने आया। इंग्लैंड दौरे पर बुमराह के नाम पर गहरी चर्चा हुई, लेकिन अंतिम निर्णय नहीं लिया गया।
वहीं, शुभमन गिल और ऋषभ पंत के बीच कप्तानी को लेकर टक्कर भी है। पंत की मौजूदा फॉर्म में गिरावट और गिल का विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन कमजोर होने के कारण यह निर्णय चुनौतीपूर्ण हो गया है। केएल राहुल भी एक विकल्प के रूप में चर्चा में हैं। अब यह देखना होगा कि टीम इंडिया के चयनकर्ता कौन सा फैसला लेते हैं।












Click it and Unblock the Notifications