14 साल घरेलू क्रिकेट खेलने के बाद रॉबिन बिष्ट ने की संन्यास की घोषणा, टीम इंडिया में कभी नहीं मिला मौका
रॉबिन बिष्ट ने अपने करियर की शुरुआत दिल्ली से एज ग्रुप क्रिकेट खेलकर की थी। बाद में वो राजस्थान चले गए थे। 2007 में उन्होंने रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ मैच खेलकर अपना घरेलू क्रिकेट डेब्यू किया था।

14 साल तक घरेलू क्रिकेट खेलने वाले उत्तराखंड के रॉबिन बिष्ट ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। 35 साल के रॉबिन बिष्ट ने सोशल मीडिया पर अपने संन्यास की जानकारी साझा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि 15 साल क्रिकेट को खूब एन्जॉय किया, जीवनभर ड्रेसिंग रूम में बिताए पल याद रहेंगे। रॉबिन बिष्ट ने बताया कि वो अब कोचिंग फील्ड में अपना करियर बनाएंगे। बता दें कि मूल रूप से उत्तराखंड के ही रहने वाले रॉबिन बिष्ट ने आखिरी बार घरेलू क्रिकेट उत्तराखंड के लिए ही खेला है। रॉबिन बिष्ट 2021-22 सीजन में उत्तराखंड की टीम का हिस्सा थे।
कोहली और धवन के खिलाफ खेल चुके हैं बिष्ट
रॉबिन बिष्ट ने अपने करियर की शुरुआत दिल्ली से एज ग्रुप क्रिकेट खेलकर की थी, लेकिन 2005-06 में वो बेहतर मौके की तलाश में राजस्थान चले गए थे। 2007 में उन्होंने रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ मैच खेलकर अपना घरेलू क्रिकेट डेब्यू किया था। इस मैच में रॉबिन बिष्ट ने 14 और 69 रन की पारी खेली थी। इसी मैच में शिखर धवन और विराट कोहली भी दिल्ली की टीम से खेल रहे थे। राजस्थान जाने के बाद रॉबिन को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान इलेवन के खिलाफ एक साइड गेम खेलने को मिला था, जिसमें उन्होंने 22 रन बनाए थे और मोहम्मद यूसुफ का विकेट लिया था।
Recommended Video

घरेलू क्रिकेट में रॉबिन का रहा शानदार करियर
आपको बता दें कि रॉबिन बिष्ट एक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज रहे हैं। 2007-08 में उन्होंने रणजी ट्रॉफी के मैच में अपने घरेलू डेब्यू करने के बाद उन्होंने अगले सीजन में अपना पहला फर्स्ट क्लास शतक बनाया था। उस सीजन में रॉबिन बिष्ट 422 रनों के साथ राजस्थान की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे। अपने इसी प्रदर्शन के दम पर रॉबिन ने दलीप ट्रॉफी के लिए सेंट्रल जोन की टीम में जगह बनाई थी। रॉबिन बिष्ट राजस्थान की 2010-11 और 2011-12 की रणजी ट्रॉफी विजेता टीम का भी हिस्सा थे। 2011-12 सीज़न में उन्होंने 16 पारियों में 86.16 की औसत से 1034 रन बनाए थे, जिसमें उन्होंने 4 शतक लगाए थे।
रॉबिन बिष्ट को IPL में भी मौका नहीं मिला
रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने के बाद रॉबिन बिष्ट को आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें वहां भी खेलने का मौका नहीं मिला। अपने रिटायरमेंट को लेकर स्टार स्पोर्ट्स को दिए बयान में रॉबिन बिष्ट ने कहा भी है कि वो 36 साल के होने जा रहे हैं और ऐसे में न तो उन्हें इंडियन टीम में खेलने का मौका मिला और न ही आईपीएल का कोई कॉन्ट्रैक्ट मिला, इसलिए मैंने सोचा कि संन्यास लेना ही बेहतर है। पूर्व भारतीय खिलाड़ी सुनील गावस्कर भी रॉबिन बिष्ट की तारीफ कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications