IPL 2026: ई-सिगरेट के धुएं में उड़ गया खेल, आंकड़ों ने खोली रियान पराग के शर्मनाक गेम की पोल
Riyan Parag: राजस्थान रॉयल्स के फैंस को उम्मीद थी कि इस सीजन कप्तानी का जिम्मा मिलने के बाद नया रियान पराग देखने को मिलेगा। लेकिन मैदान पर उनके बल्ले की खामोशी और ड्रेसिंग रूम से आई उनकी 'वेपिंग' (ई-सिगरेट) की तस्वीरों ने यह साफ कर दिया कि कप्तान साहब की प्राथमिकताएं फिलहाल क्रिकेट तो नहीं हैं।
पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान जब पूरी दुनिया की नजरें टीवी स्क्रीन पर थीं, तब रॉयल्स के कप्तान ड्रेसिंग रूम में धुआं उड़ाते पकड़े गए। बीसीसीआई ने इसे खेल की गरिमा बिगाड़ने वाला कृत्य माना और उनकी फीस का 25 फीसदी काट लिया। लेकिन सवाल सिर्फ जुर्माने का नहीं, सवाल उस जिम्मेदारी का है जो एक कप्तान के कंधों पर होती है।

कप्तानी का बोझ या सिर्फ लापरवाही?
अगर हम इस सीजन (2026) के उनके प्रदर्शन पर नजर डालें, तो आंकड़े किसी 'डिजास्टर' से कम नहीं हैं। स्क्रीनशॉट में दिए गए आंकड़े उनकी कप्तानी और बल्लेबाजी की पोल खोलते हैं।
- रन बनाने का अकाल: इस सीजन के 9 मैचों में रियान ने महज 117 रन बनाए हैं। एक कप्तान और मुख्य बल्लेबाज के तौर पर यह आंकड़ा शर्मनाक है।
- औसत की गिरावट: उनका बल्लेबाजी औसत गिरकर 14.63 पर आ गया है। यानी क्रीज पर आते ही उनके आउट होने की उल्टी गिनती शुरू हो जाती है।
- पचासा भी नसीब नहीं: जहां अन्य युवा खिलाड़ी रनों का अंबार लगा रहे हैं, रियान के नाम इस सीजन एक भी अर्धशतक नहीं है। उनका उच्चतम स्कोर मात्र 29 रन रहा है।
- स्ट्राइक रेट की सुस्ती: टी-20 के दौर में 124.47 का स्ट्राइक रेट किसी भी तरह से मैच जिताने वाला नहीं कहा जा सकता।
सिर्फ एटीट्यूड से प्रदर्शन नहीं आता
रियान पराग अक्सर अपने सोशल मीडिया पोस्ट और मैदान पर अपने बेबाक अंदाज के लिए चर्चा में रहते हैं। लेकिन जब आप टीम के लीडर हों, तो आपका 'स्वैग' रनों में दिखना चाहिए, न कि ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट के धुएं से बेइज्जती होनी चाहिए। जिस टीम में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी आपको सम्मान देता हो, वहां ऐसी गैर-जिम्मेदाराना हरकत पूरी टीम के मनोबल को गिराती है।
रॉयल्स मैनेजमेंट को अब सोचना होगा कि क्या वो एक ऐसे कप्तान के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं जिसका ध्यान खेल से ज्यादा विवादों पर है। रियान को समझना होगा कि आईपीएल के ऊंचे कॉन्ट्रैक्ट और कप्तानी की कुर्सी पर टिके रहने के लिए बल्ले से रन उगलने पड़ते हैं, वरना 25% फीस तो सिर्फ शुरुआत है, कहीं ऐसा न हो कि टीम से ही पत्ता साफ हो जाए।
राजस्थान रॉयल्स के ऊपर क्या एक्शन?
बीसीसीआई ने रियान के ऊपर तो जुर्माना लगा दिया है लेकिन राजस्थान रॉयल्स की भूमिका भी अहम रही है। बोर्ड का मानना है कि रॉयल्स पर क्या एक्शन लिया जाए, इस पर मंथन किया जा रहा है। अब नजरे राजस्थान रॉयल्स पर बोर्ड की तरफ से होने वाले एक्शन पर टिकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications