'धोनी से प्यार करते हैं रियान पराग', राजस्थान रॉयल्स के वीडियो में माही को फॉलो करते हुए दिखा यह युवा खिलाड़ी
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले रियान पराग ने आईपीएल के अगले सीजन की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने विकेटकीपिंग में धोनी के स्टाइल को फॉलो करना शुरू किया है।

भारतीय क्रिकेट में आज हर युवा विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी को अपना आदर्श मानता है। भारतीय क्रिकेट ही नहीं बल्कि दुनियाभर की टीमों के विकेटकीपर्स ने धोनी से कुछ न कुछ सीखने की हमेशा कोशिश की है। बात करें भारतीय क्रिकेट की तो वर्तमान में धोनी कई युवा विकेटकीपर बल्लेबाजों के आदर्श हैं और राजस्थान रॉयल्स के रियान पराग उनमें से एक हैं। जी हां, रियान पराग आईपीएल का काफी चर्चित चेहरा है। आईपीएल में वो राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हैं और विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाते हैं। रियान पराग खुद धोनी को अपना आदर्श मानते हैं और इसीलिए वो आईपीएल के अपकमिंग सीजन के लिए धोनी स्टाइल में तैयारी कर रहे हैं।
रियान पराग ने की धोनी की कॉपी
दरअसल, राजस्थान रॉयल्स ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में रियान पराग पूर्व भारतीय कप्तान धोनी की नकल करते हुए दिख रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स ने वीडियो को पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा है, "रियान पराग एमएस धोनी से प्यार करते हैं!" वीडियो में रियान पराग स्टंप्स के पीछे खड़े होकर एमएस धोनी की कॉपी करते दिख रहे हैं। वहीं उस समय मौजूद उनके कोच और अन्य खिलाड़ी भी उन्हें 'माही भाई, माही भाई' कहकर छेढ़ रहे हैं। वीडियो में रियान पराग ने धोनी की तरह की कंधे हिलाने की भी कॉपी की।
आईपीएल की तैयारी कर रहे हैं रियान पराग
वीडियो में पराग के कोच को यह कहते हुए देखा जा सकता है, "2 फुट की लंबाई के साथ एक हॉरिजॉनटल लाइन बना। इतना ही तेरे हाथ की रेंज होगी और अब तुम्हें सेंटर में ही बैठना है। तभी कैमरे के पीछे से खिलाड़ी रियान पराग को छेड़ते हैं और कहते हैं कि माही भाई की तरह करो।" तभी रियान पराग धोनी की तरह कंधे हिलाते हैं। आपको बता दें कि रियान पराग राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल के आगामी सीजन की तैयारी कर रहे हैं। रियान पराग असम के लिए घरेलू क्रिकेट भी खेलते हैं और इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं।
बता दें कि रियान पराग ने आईपीएल के 2022 सीजन में 17 मैचों में 138.84 की स्ट्राइक रेट से 16.64 की औसत से 183 रन बनाए थे। रियान पराग की कोशिश रहेगी कि वो इस बार भी इन आंकड़ों को और भी अच्छा करके दिखाएं।












Click it and Unblock the Notifications