Rinku-Priya Engagement: सगाई के बंधन में बंधे रिंकू सिंह और प्रिया, फैंस के दिलों पर छाई दोनों की पहली तस्वीर
Rinku And Priya Engagement: नवाबी अंदाज और लखनवी तहजीब के बीच आज राजधानी लखनऊ एक खास मौके की गवाह बनी। क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने एक फाइव स्टार होटल में अपनी सगाई कर ली है।
इस भव्य रिंग सेरेमनी में करीब 300 से अधिक मेहमान शामिल हुए, जिनमें राजनीति और मनोरंजन की कई बड़ी हस्तियां भी मौजूद रहीं। खास बात ये है कि इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जया बच्चन, इकरा हसन और रामगोपाल यादव जैसे नामी नेता भी शामिल हुए।

सगाई को लेकर क्या बोले प्रिया के पिता?
क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की सगाई पर सपा विधायक और प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने कहा कि, 'आज सगाई समारोह है और हम उसी के लिए यहां एकत्र हुए हैं। हमें बहुत खुशी है कि आज प्रिया सरोज की सगाई हो रही है।'
सगाई से पहले विचित्रा देवी मंदिर में लिया आशीर्वाद
सगाई से पहले रिंकू अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में चौढेरा वाली विचित्रा देवी मंदिर में आशीर्वाद लेने गए। लखनऊ में दोनों की सगाई फुलकर्न हॉल में हुई, जिसे फूलों और जीवंत रोशनी से सजाया गया था। इस कार्यक्रम के कई वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी पहुंचे
वायरल वीडियो कपल एक-दूसरे का हाथ थामे हुए दिखाई दे रहा है। सगाई में पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार और पीयूष चावला, उत्तर प्रदेश रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल भी शामिल हुए। इसके अलावा बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी मौजूद थे।
अवधी जायकों को बंगाली मिठाइयों के साथ परोसा गया
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई का जश्न सिर्फ रिश्ते का नहीं, बल्कि लखनवी परंपरा और स्वाद का भी एक खूबसूरत संगम था। इस मौके पर मेहमानों को खास क्यूरेट किया गया शाकाहारी मेनू परोसा गया, जिसमें अवधी जायकों को बंगाली मिठाइयों और इंटरनेशनल फ्लेवर के साथ परोसा गया। रसगुल्ला, काजू-पनीर रोल, पनीर टिक्का और रिंकू की पसंदीदा मटर मलाई जैसी डिशेज़ ने मेहमानों का दिल जीत लिया।
स्टार्टर्स में यूरोपीय और एशियाई जायकों का तड़का था, जबकि 'कुहारा' नामक नारियल से बना अनोखा वेलकम ड्रिंक लाइव काउंटर पर पेश किया गया, जिसने लोगों को खासा लुभाया।
सगाई समारोह के लिए लखनऊ के सेंट्रम होटल में 15 कमरे बुक किए गए थे, जिनमें से पांच रिंकू के बेहद खास दोस्तों के लिए रिजर्व थे। सुरक्षा के लिहाज से भी कोई कसर नहीं छोड़ी गई- बारकोड एंट्री पास और स्थानीय पुलिस के साथ हाई अलर्ट पर तैनात सिक्योरिटी टीम ने आयोजन को पूरी तरह सुरक्षित बनाया।
रिंकू ने सगाई के लिए सिलवाया खास स्टाइलिश सूट
रिंकू सिंह ने सगाई के लिए खास स्टाइलिश सूट सिलवाया है, जो लखनऊ के सेंटर प्वाइंट इलाके के एक पॉपुलर डिजाइनर ने तैयार किया है। वहीं, दुल्हनिया प्रिया सरोज के लिए जेवर और साड़ियां बड़े शोरूम से खरीदी गई हैं।
सगाई के बाद 18 नवंबर को होगी शादी
सगाई के बाद अब दोनों 18 नवंबर 2025 को शादी के बंधन में बंधेंगे। यह ग्रैंड वेडिंग वाराणसी के ताज होटल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगी। शादी में क्रिकेट और बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों से लेकर दिग्गज नेताओं और बिजनेसमैन तक के आने की उम्मीद है।
प्रिया सरोज कौन हैं?
प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की सांसद हैं, जिन्हें उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (SP) ने टिकट दिया था। वह तीन बार सांसद और वर्तमान विधायक रहे तूफानी सरोज की बेटी हैं। 2024 में उन्होंने भाजपा के बीपी सरोज को 35,850 मतों के अंतर से हराकर अपना पहला लोकसभा चुनाव जीता। प्रिया ने दिल्ली एअर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टिट्यूट (स्कूल) से शुरुआती पढ़ाई के बाद एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा से LLB डिग्री हासिल की है।
रिंकू सिंह- क्रिकेटर, अब राजघराना
- उम्र: 27 साल
- IPL: KKR के स्टार बल्लेबाज़ हैं, जिन्होंने लगातार पांच छक्के लगाकर बड़े मैच में सबका ध्यान खींचा
- परिवार: अलीगढ़ (UP) के रहने वाले, जहां दोनों परिवार मिले और शादी का रिश्ता तय हुआ
रिंकू सिंह का क्रिकेट करियर
रिंकू सिंह का टी20 क्रिकेट में शानदार सफर रहा है, खासकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में। उन्होंने 58 मैचों में 145.18 की स्ट्राइक रेट और 30.53 की औसत से 1099 रन बनाए हैं। 2023 के सीज़न में उनके फिनिशिंग टच ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिंकू ने भारत के लिए अब तक 33 टी20 मैचों में 546 रन बनाए हैं, जिनमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 161.07 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है, जो उनकी अटैकिंग और मैच फिनिशर की भूमिका को दर्शाता है। वनडे में उन्होंने दो मुकाबले खेले हैं, जबकि टेस्ट क्रिकेट में अभी उन्हें डेब्यू का इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications