'तुम्हारे पति जैसा बनने की कोशिश कर रहा था', बुमराह को लेकर ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने किया चौंकाने वाला खुलासा
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) ने अपने बेटे फ्लेचर (Fletcher) को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वह जसप्रीत बुमराह के गेंदबाजी एक्शन की कॉपी करने की कोशिश में खुद को चोट पहुंचा बैठा था। ICC प्रेजेंटर संजना गणेशन से बात करते हुए पोंटिंग ने खुलासा किया कि उनका बेटा संजना के पति जैसा बनने की कोशिश करता है।
पोंटिंग ने कहा कि, 'वो हर समय आपके पति जैसा बनने की कोशिश करता है।' 31 वर्षीय जसप्रीत बुमराह का गेंदबाजी एक्शन क्रिकेट जगत में सबसे अनोखे एक्शनों में से एक माना जाता है। उनका स्लिंगिंग आर्म एक्शन उन्हें न सिर्फ बल्लेबाजों को चकमा देने में मदद करता है, बल्कि उनकी रफ्तार और लेंथ को पढ़ना भी बल्लेबाजों के लिए मुश्किल बना देता है।

ICC टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 पर बुमराह
अहमदाबाद में जन्मे यह तेज गेंदबाज फिलहाल आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 पर हैं। आईसीसी रिव्यू के लेटेस्ट एपिसोड में पोंटिंग ने आगे बताया कि बुमराह की तरह गेंदबाजी करने की कोशिश में उनके बेटे की पीठ में डबल स्ट्रेस फ्रैक्चर हो गया था।
पोंटिंग के बेटे की पीठ में डबल स्ट्रेस फ्रैक्चर
उन्होंने कहा कि, 'पिछले साल जून-जुलाई में उसकी पीठ में डबल स्ट्रेस फ्रैक्चर आया, जिसकी वजह से वो पूरे एक साल तक क्रिकेट नहीं खेल पाया। स्कूल में दौड़ने या किसी भी फिजिकल एक्टिविटी की अनुमति नहीं थी। वो खुद को एक ऑलराउंडर मानता है और बुमराह की तरह तेज गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहा था। इसी चक्कर में उसे चोट लग गई।
पोंटिंग ने यह भी कहा कि उनका बेटा खेल से बेहद जुड़ा हुआ है और वह हर खिलाड़ी के बॉलिंग एक्शन की नकल कर सकता है। उन्होंने बताया कि,'उसने हर खेल की हाइलाइट्स बार-बार देखी हैं। वो जसप्रीत बुमराह का एक्शन बखूबी कॉपी करता है। उसे छोटी-छोटी टेक्निकल चीजें जल्दी समझ आती हैं और उसे क्रिकेट से बेहद प्यार है। मैं बस यही चाहता हूं कि वो खेल का आनंद ले और बड़े सपने देखे।'
रिकी पोंटिंग का क्रिकेट करियर
रिकी पोंटिंग को ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। उन्होंने अपने करियर में
- 168 टेस्ट
- 375 वनडे
- 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें उन्होंने कुल 27483 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए। उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने 2 वर्ल्ड कप और 2 चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम कीं।
जसप्रीत बुमराह का क्रिकेट करियर
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अब तक 48 टेस्ट मैचों में 217 विकेट चटका चुके हैं, जिसमें उनका बेस्ट बॉलिंग फिगर 6/27 रहा है। टेस्ट में उनका गेंदबाज़ी औसत 19.66 और इकॉनॉमी 2.77 की रही है।
वनडे में उन्होंने 89 मैचों में औसत 23.55 और बेस्ट 6/19 के साथ 149 विकेट लिए हैं। टी20 इंटरनेशनल में बुमराह ने 70 मैचों में 89 विकेट झटके हैं, जहां उनका औसत 17.74 और इकॉनॉमी 6.28 की रही।
आईपीएल में उनका प्रदर्शन भी बेहद शानदार रहा है- 145 मैचों में उन्होंने 183 विकेट लिए हैं, जिसमें 5/10 उनका बेस्ट रहा है। बुमराह की बैटिंग में हालांकि कोई बड़ा आंकड़ा नहीं है, लेकिन टेस्ट में उन्होंने 341 रन, वनडे में 91 रन और आईपीएल में 68 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications