RCB vs CSK: आरसीबी-चेन्नई के मैच में कौन जीता? किस खिलाड़ी ने बनाए रन, गेंदबाजी में किसका रहा दबदबा
RCB vs CSK: आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने ऐसा तूफानी प्रदर्शन किया, जिसने मैच का पूरा रुख ही बदल दिया। 20 ओवर में 250/3 का विशाल स्कोर खड़ा करते हुए आरसीबी ने IPL 2026 का सबसे बड़ा टोटल बना डाला। आरसीबी ने इस मैच में आसान जीत दर्ज की।
शुरुआत फिलिप साल्ट और विराट कोहली ने संभलकर की। साल्ट ने 30 गेंदों पर 46 रन बनाते हुए धमाल मचाया, वहीं कोहली ने 18 गेंदों में 28 रन जोड़े। दोनों के आउट होने के बाद भी रन गति पर कोई असर नहीं पड़ा। इसके बाद देवदत्त पडीक्कल ने शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 29 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। लेकिन असली धमाका आखिरी के ओवरों में देखने को मिला।

कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड ने मिलकर चेन्नई के गेंदबाज़ों की पूरी तरह धज्जियां उड़ा दीं। पाटीदार ने सिर्फ 19 गेंदों में नाबाद 48 रन ठोके, जिसमें 6 छक्के शामिल थे। वहीं टिम डेविड ने तो तूफान ला दिया और 25 गेंदों में नाबाद 70 रन जड़े, जिसमें 8 छक्के शामिल थे। उनकी पारी ने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। चेन्नई के लिए अंशुल कंबोज, ओवरटन और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट हासिल किया।
चेन्नई की बैटिंग हुई फ्लॉप
जवाबी पारी में खेलते हुए चेन्नई का हाल वही हुआ, जो पिछले दो मैचों में हुआ था। संजू सैमसन लगातार तीसरे मुकाबले में फ्लॉप साबित हुए। वह सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। उनके अलावा कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के बल्ले से भी महज 7 ही रन आए। आयुष म्हात्रे 1 रन बना पाए।
यहां से चेन्नई सुपर किंग्स की स्थिति खराब हो गई। विकेट गिरते रहे। इस बीच सरफराज खान ने इंटेंट से बैटिंग करते हुए शानदार फिफ्टी जमाई। वह 25 गेंदों में 50 रनों की पारी खेलने में सफल रहे। निचले क्रम से प्रशांत वीर के बल्ले से 43 रनों की पारी आई। अन्य सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। अंतिम ओवर तक चेन्नई सुपर किंग्स 207 रन पर आउट होकर लगातार तीसरा मैच हार गई, आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए।












Click it and Unblock the Notifications