RCB के लिए घाटे का सौदा साबित हुई 16,700 करोड़ की डील? समझें वो गणित जिसने सबको कर दिया हैरान
RCB: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मालिकाना हक में हुए बदलाव ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है, लेकिन क्या 16,700 करोड़ रुपये की यह डील वाकई उतनी बड़ी है जितनी दिख रही है? बाजार के जानकारों और बिजनेस एक्सपर्ट्स को यह समझ नहीं आ रहा कि वैल्यू किस आधार पर आंकी गई।
पहली नजर में यह रकम बहुत बड़ी लग सकती है, लेकिन आईपीएल के मौजूदा बिजनेस इकोसिस्टम और राजस्थान रॉयल्स (RR) जैसी टीम की हालिया सेल से तुलना करें, तो आरसीबी की यह कीमत कई सवाल खड़े करती है।

कहां बिगड़ गया गणित?
इस पूरे विवाद को समझने के लिए राजस्थान रॉयल्स की सेल को आधार बनाना होगा। राजस्थान रॉयल्स, जिसकी ब्रांड रीच और फैन फॉलोइंग आरसीबी के मुकाबले सीमित मानी जाती है, वह भी करीब 15,300 करोड़ रुपये में बिकी है। बिजनेस एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर राजस्थान जैसी टीम 15 हजार करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है, तो आरसीबी की वैल्यू कम से कम 20,000 करोड़ रुपये से ऊपर होनी चाहिए थी। तर्क यह है कि आरसीबी के पास विराट कोहली जैसा वैश्विक आइकन है और हाल ही में 2025 का आईपीएल खिताब जीता है।
ब्रांड वैल्यू और सोशल मीडिया का खेल
मैनेजमेंट गुरुओं के अनुसार, आरसीबी का ब्रांड सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि ग्लोबल मार्केट में अपनी धाक रखता है। इस टीम की सोशल मीडिया एंगेजमेंट दुनिया के दिग्गज फुटबॉल क्लबों (जैसे रियल मैड्रिड या मैनचेस्टर यूनाइटेड) को कड़ी टक्कर देती है।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार D&P एडवाइजारी के मैनेजिंग पार्टनर संतोष एन का मानना है कि आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के बीच केवल 1,400 करोड़ रुपये का अंतर होना यह संकेत देता है कि शायद आरसीबी को उसकी असली ब्रांड वैल्यू से काफी कम कीमत पर बेचा गया है।
विमेंस टीम (WPL) का एंगल भी है महत्वपूर्ण
एक और चौंकाने वाला पहलू यह है कि इस 16,700 करोड़ की डील में आरसीबी की पुरुष टीम के साथ-साथ उनकी विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) टीम भी शामिल है। आरसीबी की महिला टीम ने भी खिताब जीतकर अपनी अलग ब्रांड वैल्यू बनाई है। इन दोनों एसेट्स को मिलाकर इतनी कम कीमत मिलना एक्सपर्ट्स के गले नहीं उतर रहा है।
क्या यह जल्दबाजी में लिया गया फैसला है या फिर बिड़ला और टाइम्स ग्रुप ने एक मास्टरस्ट्रोक खेलते हुए इस कीमती टीम को बेहद सस्ते में हासिल कर लिया? यह बहस अब बिजनेस वर्ल्ड में तेज हो गई है। देखा जाए, तो राजस्थान रॉयल्स ने एक टीम बेचीं है और आरसीबी ने दो टीमों का सौदा किया है, जो घाटे में जाता दिख रहा है।












Click it and Unblock the Notifications