Ravindra Jadeja ने गेंद से भी बरपाया कहर, दो ओवर में झटके दो विकेट, खुशी से झूम उठे रोहित-कोहली
India vs Bangladesh, Ravindra Jadeja: बांग्लादेश के खिलाफ चेन्नई टेस्ट मैच के दूसरे दिन रवींद्र जडेजा गेंद से कमाल दिखाने में कामयाब रहे। मैच के पहले दिन जडेजा ने बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन किया था। हालांकि, वह अपना शतक जड़ने से चूक गए। लेकिन 86 रन बनाकर जडेजा की पारी ने खराब शुरुआत के बावजूद भारत की स्थिति को बेहतर करने में मदद की।
टी-20 से ले चुके हैं संन्यास
रवींद्र जडेजा ने दो महीने पहले ही जून 2024 में टी 20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। टी-20 से संन्यास लेने के बाद भी जडेजा टेस्ट क्रिकेट में अपना प्रभाव छोड़ रहे हैं। जडेजा ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत के 6 विकेट पर 339 रन बनाने में अहम योगदान दिया। जडेजा-अश्विन की जोड़ी एक बार फिर भारत के लिए संकटमोचक बनकर सामने आई।

दो ओवर में झटके दो विकेट
शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद शाकिब अल हसन और लिटन दास के बीच पनप रही साझेदारी को रवींद्र जडेजा ने तोड़ा। उन्होंने लिटन को सब्स्टिट्यूट फील्डर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच आउट कराया। लिटन और शाकिब के बीच छठे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी हुई। लिटन ने 42 गेंद में 22 रन की पारी खेली। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने इस जोड़ी को तोड़ने का काम किया। लिटन दास का विकेट लेने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खुशी से झूम उठे।
शाकिब अल हसन को भी भेजा पवेलियन
रवींद्र जडेजा ने लिटन दास के बाद शाकिब अल हसन को पवेलियन भेजा। लिटन ने 22 रन और शाकिब ने 32 रन की पारी खेली। शाकिब अल हसन स्वीप मारने की कोशिश में विकेटकीपर ऋषभ पंत को अपना कैच थमा बैठे। बल्ले से कमाल दिखाने के बाद जडेजा गेंद से भी टीम के लिए कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
बल्लेबाजी में दिखाया दम
इससे पहले भारतीय टीम मैच के पहले दिन शुरुआत में मुश्किल स्थिति में थी। उसने 144 रन पर छह विकेट खो दिए थे। हालांकि, आर अश्विन और जडेजा के बीच साझेदारी निर्णायक साबित हुई। साथ मिलकर उन्होंने न केवल टीम को संभाला बल्कि खेल के अंत तक भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उनकी अटूट साझेदारी ने स्कोरबोर्ड पर 195 रन जोड़े, जिससे भारत की बल्लेबाजी लाइन-अप की गहराई का एक बार फिर पता चला है।












Click it and Unblock the Notifications