मोहम्मद शमी-अगरकर मामले में रविचंद्रन अश्विन की एंट्री, किसको किया खुलकर सपोर्ट?
Ravichandran Ashwin: भारतीय टीम के चीफ सलेक्टर अजित अगरकर ने हाल ही में मोहम्मद शमी को लेकर कुछ बातें कही थीं। उनकी फिटनेस और अन्य मुद्दों पर अगरकर ने बयान दिया था। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी शमी को टीम में शामिल नहीं किया गया था। अब रविचंद्रन अश्विन ने मामले पर अपनी बात रखी है।
अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि मैं एक बात साफ़-साफ़ कहना चाहता हूँ। भारतीय क्रिकेट में ज़्यादातर बातें सीधे कहने के बजाय घुमा-फिराकर कही जाती हैं। यह एक ऐसी चीज़ है जो मुझे लगता है कि अब बदलनी चाहिए।

इस महान ऑफ़ स्पिनर ने यह भी कहा कि ये बदलाव खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशासन, दोनों ही पक्षों से आना ज़रूरी है। मेरे अनुभव में, जब भी कोई बात स्पष्ट तौर पर नहीं कही जाती और सिर्फ इशारों में की जाती है, तो वो आख़िरकार मीडिया में लीक हो ही जाती है। साफ़ दिखाई देता है कि प्लेयर्स में उतना आत्मविश्वास नहीं होता कि वे सीधे तौर पर जाकर कह सकें कि मैं इस दौर से गुजर रहा हूं।
अश्विन ने कहा कि शमी ने भी यही किया। प्रदर्शन करके वह मीडिया से बात करते हैं। इसमें गलत कुछ नहीं है लेकिन, वह ऐसा क्यों कर रहे हैं। शमी को कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है। अगर उनको बताया जाता कि हमें आपसे यह उम्मीद है, तो वह उसी हिसाब से जवाब देते या कुछ ऐसा है, जो शमी को बताया गया और इसे सार्वजनिक नहीं किया हो। सच्चाई हमें नहीं पता। लेकिन साथ ही, मुझे ये भी बहुत अच्छा लगा कि अजीत अगरकर ने इस पूरे मामले को जिस तरह से संभाला, उम्मीद है उनके बीच बात हुई हो।
अगरकर ने कहा था कि शमी ने कुछ कहा है, तो मुझे उनसे या उनको मुझसे बात करनी चाहिए। इंग्लैंड दौरे से पहले हमने कहा था कि आप फिट होते तो टीम में शामिल होते। दुर्भाग्य से वह फिट नहीं थे। उधर शमी ने कहा कि उनको जो कहना है, कहने दो आपके सामने चीजें हैं। मैंने कैसी गेंदबाजी की है, यह भी दिखाई दे रहा है। शमी ने कहा कि मेरा काम एनसीए में जाकर फिटनेस हासिल करना और मैच खेलना है। किसी को फिटनेस की जानकारी देना मेरा काम नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications