रवि बिश्नोई वर्ल्ड नंबर 1 गेंदबाज, राशिद खान को पछाड़ा, ICC टी20 रैंकिंग में 4 भारतीय खिलाड़ी शामिल
ICC T20i Rankings: भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को टी20 सीरीज में बुरी तरह हराया। 4-1 से टीम इंडिया ने घरेलू सीरीज में कंगारुओं को पटखनी दे डाली। भारतीय खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन का फायदा भी टीम को मिला है। टी20 रैंकिंग में टीम इंडिया के खिलाड़ियों का जलवा है।
भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ताजा जारी टी20 रैंकिंग में नम्बर एक का ताज हासिल करने में सफल रहे हैं। उन्होंने राशिद खान को पीछे छोड़ते हुए नम्बर एक की कुर्सी हासिल कर ली। बल्लेबाजों की टॉप रैंकिंग में कोई फर्क देखने को नहीं मिला है।

सूर्यकुमार यादव नम्बर एक बल्लेबाज हैं, वह टॉप रैंकिंग पर बने हुए हैं। उनके बाद मोहम्मद रिजवान का नाम है। टॉप दस बल्लेबाजों में भारत से एक और नाम ऋतुराज गायकवाड़ का भी है। गायकवाड़ नम्बर सात पर बने हुए हैं। गेंदबाजों की रैंकिंग में बिश्नोई के अलावा कोई भारतीय नहीं है।
टॉप टी20 ऑल राउंडर्स में शाकिब अल हसन नम्बर एक पर हैं। शाकिब के बाद दूसरे स्थान पर मोहम्मद नबी और नम्बर तीन पर हार्दिक पांड्या का नाम है। इस तरह तीनों कैटेगरी में भारत के कुल चार खिलाड़ी टी20 रैंकिंग में शामिल हैं। तीनों प्रारूप में टीम इंडिया नम्बर एक टीम है।
बल्लेबाजी में वनडे में नम्बर एक बल्लेबाज गिल हैं, टेस्ट में नम्बर एक गेंदबाज भी भारत से ही है। रविचंद्रन अश्विन टॉप पर बने हुए हैं। उनके अलावा टॉप टेस्ट ऑल राउंडर में भी भारत का ही जलवा देखने को मिल रहा है। रविन्द्र जडेजा वहां टॉप पर बने हुए हैं।
ओवरऑल देखा जाए तो आईसीसी रैंकिंग में भारतीय टीम ने डोमिनेट किया है। टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप में धमाकेदार खेल का प्रदर्शन किया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में भी भारतीय टीम ने बेहतरीन खेल दिखाकर सीरीज जीती थी, इससे रैंकिंग में थोड़ा बदलाव देखने को मिला है।












Click it and Unblock the Notifications