IPL 2026: रजत पाटीदार को RCB ने कितने में खरीदा? कभी लगा Unsold का दाग, अब लगातार दूसरी बार Final में पहुंचाया
IPL 2026: क्रिकेट की दुनिया में अक्सर कहा जाता है कि किस्मत के दरवाजे कब खुलेंगे, कोई नहीं जानता। लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जो किस्मत के भरोसे नहीं बैठते, बल्कि अपनी मेहनत से उस दरवाजे को तोड़कर अंदर दाखिल होते हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मौजूदा कप्तान रजत पाटीदार एक ऐसा ही नाम हैं, जिन्होंने धर्मशाला के मैदान पर गुजरात टाइटन्स (GT) के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर आरसीबी को लगातार दूसरी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंचा दिया है।
आइए जानतें हैं आरसीबी के इस 'संकटमोचक' का महज 20 लाख रुपये से शुरू हुआ सफर आज कैसे 11 करोड़ की बादशाहत और बैक-टू-बैक फाइनल के टिकट तक पहुंच गया है।

कभी कौड़ियों के भाव... फिर करोड़ों का दांव!
रजत पाटीदार और आरसीबी का रिश्ता किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसा रहा है। साल 2021 में आरसीबी ने पाटीदार को उनके बेस प्राइस महज 20 लाख रुपये में खरीदा था। उस सीजन में उन्हें सिर्फ 4 मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 71 रन बनाए। खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें रिलीज कर दिया गया। हद तो तब हो गई जब 2022 के मेगा ऑक्शन में किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा नहीं जताया और वह 'अनसोल्ड' रह गए।
लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। 2022 सीजन के बीच में आरसीबी के लवनीथ सिसौदिया चोटिल हो गए और पाटीदार की किस्मत चमकी। उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर फिर से 20 लाख रुपये में बुलाया गया। इसके बाद जो हुआ, वो इतिहास है। उन्होंने 8 मैचों में 333 रन ठोक दिए, जिसमें लखनऊ के खिलाफ एलिमिनेटर में लगाया गया वो ऐतिहासिक शतक (112* रन) भी शामिल था।
2023 का सीजन चोट के कारण छूटने के बाद उन्होंने 2024 में धमाकेदार वापसी की। नतीजा यह हुआ कि 2025 के मेगा ऑक्शन में आरसीबी ने विराट कोहली और यश दयाल के साथ रजत पाटीदार को 11 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम देकर रिटेन किया। आज 2026 में भी वह इसी 11 करोड़ की कीमत के साथ टीम की कमान संभाल रहे हैं और अपनी कीमत का एक-एक पैसा वसूल करा रहे हैं।
रजत पाटीदार के आईपीएल ऑक्शन का इतिहास
- महज 20 लाख के बेस प्राइस से शुरुआत: रजत पाटीदार को साल 2021 के आईपीएल ऑक्शन में आरसीबी (RCB) ने उनके सबसे न्यूनतम बेस प्राइस यानी सिर्फ 20 लाख रुपये में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया था।
- अनसोल्ड रहने का दर्द: साल 2022 के मेगा ऑक्शन में रजत पाटीदार पर किसी भी फ्रेंचाइजी ने दांव नहीं लगाया और वह 'अनसोल्ड' रह गए थे। हालांकि, बाद में इसी सीजन में वह रिप्लेसमेंट के तौर पर फिर से 20 लाख में ही आरसीबी में लौटे।
- चोट के बावजूद भरोसा बरकरार: साल 2023 के सीजन में पैर की चोट (Heel Injury) के कारण वह एक भी मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन इसके बावजूद आरसीबी ने उन्हें 20 लाख रुपये की कीमत पर रिटेन कर अपनी टीम में बनाए रखा।
- 11 करोड़ की बंपर बादशाहत: साल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले आरसीबी ने विराट कोहली और यश दयाल के साथ रजत पाटीदार पर सबसे बड़ा भरोसा जताया। फ्रेंचाइजी ने उन्हें सीधे 11 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम देकर रिटेन किया।
- कीमत के साथ मिली कप्तानी: साल 2025 और फिर मौजूदा 2026 सीजन में रजत पाटीदार 11 करोड़ रुपये की इसी बड़ी कीमत के साथ न सिर्फ खेल रहे हैं, बल्कि बतौर कप्तान आरसीबी को लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचा चुके हैं।
धर्मशाला में 'पाटीदार का पावरशो': 33 गेंदों में तबाही
क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आरसीबी एक समय 140 रन पर 4 विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी। पाटीदार ने शुरुआती 10 गेंदों में सिर्फ 14 रन बनाए थे। वह पिच को समझ रहे थे, माहौल को भांप रहे थे। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसे धर्मशाला के पहाड़ों ने अपनी आंखों से कैद किया।
अगली 23 गेंदों में पाटीदार ने मैदान पर ऐसा कोहराम मचाया कि मोहम्मद सिराज से लेकर प्रसिद्ध कृष्णा तक, गुजरात का हर गेंदबाज रहम की भीख मांगता नजर आया। पाटीदार ने महज 33 गेंदों में 281.82 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 93 रन कूट दिए, जिसमें 5 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। आरसीबी ने 254 रनों का पहाड़ खड़ा किया और गुजरात को 92 रनों से रौंदकर सीधे फाइनल का टिकट कटा लिया।
'हमारा प्लान सामने वाली टीम को डराना था'
मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच बने कप्तान रजत पाटीदार ने अपनी रणनीति का खुलासा करते हुए साफ कहा कि टीम का इरादा विपक्षी टीम पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने का था।
'यह हमारे लिए एक सुपर गेम था। हमारा प्लान बिल्कुल साफ था कि हमें अपनी बॉडी लैंग्वेज और अटैकिंग माइंडसेट से सामने वाली टीम को बैकफुट पर धकेलना है, उन्हें डराना है। मेरी बैटिंग का तरीका भी ऐसा ही है; शुरू में मैं 8-10 गेंदें यह देखने के लिए लेता हूं कि विकेट कैसा खेल रहा है, उसके बाद मेरा दिमाग क्लियर होता है कि मुझे बॉलर को प्रेशर में डालना है।'
धोनी-रोहित के 'एलिट क्लब' में एंट्री का मौका
आरसीबी के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब टीम लगातार दो साल (2025 और 2026) फाइनल में पहुंची है। साल 2025 में पाटीदार ने अपनी कप्तानी में आरसीबी का 18 साल का सूखा खत्म करते हुए पहला खिताब जिताया था।
अब आईपीएल 2026 के फाइनल में कदम रखते ही रजत पाटीदार के पास भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े इतिहास का हिस्सा बनने का मौका है। अगर आरसीबी इस बार भी ट्रॉफी उठा लेती है, तो रजत पाटीदार, एमएस धोनी और रोहित शर्मा के बाद बैक-टू-बैक (लगातार दो) आईपीएल खिताब जीतने वाले भारत के तीसरे कप्तान बन जाएंगे।
इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद अब सेलेक्टर्स के सामने भी बड़ा सवाल है कि आईपीएल में 196 के स्ट्राइक रेट से 486 रन बनाने वाले इस 'पहाड़ी तूफान' को आखिर कब तक टीम इंडिया की टी20 टीम से दूर रखा जाएगा? जवाब जो भी हो, लेकिन फिलहाल आरसीबी फैंस यही कह रहे हैं- 'रजत है तो मुमकिन है!'
















Click it and Unblock the Notifications