Asia Cup 2023: पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर राहुल द्रविड़ ने तोड़ी चुप्पी, तीन बार खेलने की जताई इच्छा
Rahul Dravid on India vs Pakistan Match: भारत और पाकिस्तान एशिया कप में ग्रुप-ए का हिस्सा हैं। दोनों टीमों के बीच 2 सितंबर को कैंडी के मैदान पर मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर अभी से चर्चाओं का माहौल गर्म हो गया है। भारत पाकिस्तान के अलावा नेपाल, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका की टीम एशिया कप का हिस्सा होगी।
राहुल द्रविड़ ने कही यह बात: वेस्टइंडीज दौरे पर भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ भी मौजूद हैं। एशिया कप का शेड्यूल आने के बाद राहुल द्रविड़ ने भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर अपनी राय दी है। राहुल द्रविड़ ने उम्मीद जताई है कि एशिया कप में भारत और पाकिस्तान की टीम एक या दो बार नहीं बल्कि तीन बार आमने-सामने हो सकती है।

शुरुआती मुकाबले होंगे अहम: राहुल द्रविड़ ने एशिया कप को लेकर कहा कि शेड्यूल जारी हो गया है, हमें पाकिस्तान के खिलाफ तीन बार खेलने के लिए सुपर 4 के लिए क्वालीफाई करना होगा। हमारा पहला मैच पाकिस्तान और दूसरा मैच नेपाल के खिलाफ है और हमारा पूरा फोकस पहले दो मैचों को जीतने पर होगा। हमें अच्छा क्रिकेट खेलकर उन मैचों को जीतने की जरूरत है।
तीन बार खेलने की इच्छा: पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर राहुल द्रविड़ ने कहा कि अगर हम उनके खिलाफ तीन बार खेलते हैं तो यह शानदार होगा, क्योंकि हम फाइनल में पहुंच चुके होंगे और पाकिस्तान भी। ऐसे में इन दोनों ही टीमों के लिए यह मुकाबला शानदार होगा। बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को लेकर अक्सर खिलाड़ियों में उत्सुकता अधिक होती है।
बेसब्री से इंतजार कर रहे फैंस: भारत-पाकिस्तान मैच की खबर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर फैंस लगातार इस पर चर्चाएं कर रहे हैं। पिछली बार श्रीलंका की टीम ने एशिया कप का खिताब जीता था। भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ मैच हारकर फाइनल की रेस से बाहर हो गई थी। जिसके बाद पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले फाइनल मैच को श्रीलंका ने अपने नाम किया था।












Click it and Unblock the Notifications