IPL 2025: जो कहा था, वो कर दिखाया! शशांक सिंह की भविष्यवाणी बनी सच, पंजाब किंग्स को लेकर किया था दावा
IPL 2025 की शुरुआत से ठीक पहले जब शशांक सिंह ने एक पॉडकास्ट में कहा था कि, 'पंजाब किंग्स टॉप-2 में जरूर रहेगी', तो कई लोगों को यह एक जज्बाती और थोड़ा ज्यादा आशावादी बयान लगा था। लेकिन सीजन के आखिर में जब पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर प्वाइंट टेबल में दूसरे स्थान पर जगह बनाई, तो वही बयान एक भविष्यवाणी जैसा साबित हुआ। शशांक की ये बात अब सोशल मीडिया पर वायरल है और खुद पंजाब किंग्स ने भी उस वीडियो क्लिप को शेयर कर जश्न मनाया है।
शशांक सिंह ने आईपीएल से पहले पत्रकार शुभांकर मिश्रा के साथ पॉडकास्ट में कहा था कि टीम का पहला लक्ष्य टॉप-2 में पहुंचना है और वो इस पर पूरा विश्वास रखते हैं। उस वक्त ये बयान काफी महत्वाकांक्षी लग रहा था, लेकिन 26 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ सात विकेट से जीत के बाद पंजाब किंग्स ने 14 मैचों में 19 अंक के साथ टॉप-2 में जगह बना ली।

'यकीन किया, मेहनत की और कर दिखाया'
मैच के बाद शशांक ने कहा कि, 'टॉप-2 में रहना आसान नहीं होता, लेकिन हमने इसे मैनिफेस्ट किया, उस पर भरोसा किया और फिर कड़ी मेहनत की। पूरी टीम, सपोर्ट स्टाफ और हर व्यक्ति ने इस मुकाम तक पहुंचने में योगदान दिया।'
उन्होंने बताया कि ऑक्शन के बाद ही टीम ने एक व्हाट्सएप (WhatsApp) ग्रुप बनाया था जिसमें सबने तय किया था कि इस बार खिताब जीतना है और टॉप-2 हमारी पहली मंजिल है।
बदली सोच, बदला कल्चर: श्रेयस-रिकी की जोड़ी
शशांक ने इस सफलता का पूरा श्रेय कप्तान श्रेयस अय्यर और कोच रिकी पोंटिंग को दिया। उन्होंने कहा कि दोनों ने टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने कहा कि, 'पहले दिन से उन्होंने कहा कि हम युजवेंद्र चहल और बस ड्राइवर- दोनों को बराबर सम्मान देंगे। यही हमारी टीम कल्चर की शुरुआत थी।'
हर मैच में नया हीरो, शशांक-प्रियांश सबसे आगे
इस सीजन में पंजाब ने सिर्फ अपने स्टार खिलाड़ियों जैसे श्रेयस अय्यर, अर्शदीप सिंह, मार्कस स्टॉइनिस और चहल पर ही नहीं, बल्कि युवा और अनकैप्ड खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया- जो सफल भी रहा।
शशांक सिंह और प्रियांश आर्य ने पूरे सीजन में बल्ले से कंसिस्टेंसी दिखाई। मुंबई के खिलाफ आखिरी लीग मुकाबले में प्रियांश ने जोश इंग्लिस के साथ मिलकर 109 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की।
अब टारगेट- फाइनल!
पंजाब किंग्स अब क्वालिफायर-1 में अपने होम ग्राउंड मुल्लांपुर में खेलेगी, जहां उनका मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर या गुजरात टाइटंस से हो सकता है। टॉप-2 में रहने के चलते उन्हें फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications