जीत के 'हीरो' रहे ईशान किशन ने खोला राज, बताया अपने 'फेवरेट शाॅट' का नाम
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट में ईशान किशन के रूप में एक विस्फोटक खिलाड़ी दर्शकों को मिल गया है। किशन के खेलने का अंदाज ठीक वीरेंद्र सहवाग जैसा ही है जो तेजी से रन बटोरने की रफ्तार को पकड़ने में देरी नहीं लगाते। ईशान किशन को बताैर ओपनर आजमाया जा रहा है। हाल ही में विंडीज के खिलाफ उन्हें ओपनिंग करते देखा गया तो अब टीम मैनेजमेंट ने श्रीलंका के खिलाफ हुए पहले टी20 में उन्हें बताैर ओपनर रोहित शर्मा के साथ उतारा। ईशान ने किसी को निराश नहीं किया और धमाकेदार पारी खेल टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। ईशान ने अपनी ताकत को लेकर राज खोला है।
यह भी पढ़ें- रोहित शर्मा बोले- मैं उसे लंबे समय से जानता हूं, उसकी ताकत को भी जानता हूं

बताया काैन सा है उनका 'फेवरेट शाॅट'
श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद ईशान किशन ने बयान देते हुए कहा, ''विंडीज के खिलाफ हुई सीरीज से मुझे काफी कुछ सीखने को मिला है। मेरा इरादा काफी अच्छा नहीं था, मैं काफी सकारात्मक नहीं था। मैं यहां इसे सरल रखने की कोशिश कर रहा था। मैं बस यही सोच रहा था गेंद को देखें और अपने शॉट खेलें। पुल मेरा फेवरेट शॉट है, मुझे उस शॉट को खेलने में मजा आता है।''

अय्यर से मिली सलाह
ईशान को ऑस्ट्रेलिया में विश्व कप में खेलते हुए देख सकते हैं। इसी कारण उन्हें बताैर ओपनर भी तैयार किया जा रहा है। ईशान को आईपीएल में मुंबई इडियंस टीम में रोहित के साथ खेलने का अनुभव भी है। ऐसे में रोहित भी उनपर भरोसा रखते हैं। अगर रोहित अपने साथ ईशान को बताैर ओपनर टी20 विश्व कप में उतारते हैं तो हैरानी नहीं होगी। वहीं भविष्य की तैयारी को देखते हुए ईशान ने कहा, ''यह बल्लेबाजी इकाई के लिए भी सकारात्मक बात है क्योंकि आपको ऑस्ट्रेलिया में विश्व कप की तैयारी के लिए समय को पूरा करने की जरूरत है। मैं श्रेयस से मिड-विकेट क्षेत्र के बारे में बात कर रहा था। उन्होंने कहा कि अगर आप गेंद को मिडल में निकालते हैं तो आपको एक बाउंड्री मिल सकती है। यदि आप गैप में शाॅट खेलते हैं तो आप दो रन प्राप्त कर सकते हैं। और यह चीज मेरे काम कर गई।''

मैन ऑफ द मैच रहे ईशान
ईशान किशन ने ओपनिंग करते हुए रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 111 रनों की साझेदारी की। ईशान ने 56 गेंदों में 89 रनों की पारी खेली, जिसमें 10 चाैके व 3 छक्के शामिल रहे। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच अवार्ड से भी नवाजा गया। उनके अलावा श्रेयस अय्यर ने 28 गेंदों में नाबाद 57 रन बनाए, जिसमें 5 चाैके व 2 छक्के शामिल रहे। कप्तान रोहित शर्मा ने 32 गेंदों में 44 रन बनाए। उन्होंने 1 छक्का और 2 चौके भी लगाए, जिसकी बदाैलत टीम ने 2 विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 6 विकेट खोकर महज 137 रन बनाते हुए 62 रनों से मैच हार गई। श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी करते हुए लाहिरू कुमारा और कप्तान शनाका ने एक-एक विकेट लिया। वहीं भारत के लिए गेंदबाजी करते हुए भुवनेश्वर कुमार और वेंकटेश अय्यर ने दो-दो विकेट लिए। साथ ही युजवेंद्र चहल और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया। अब भारत और श्रीलंका के बीच बचे हुए दो टी20 मैच अब 26 और 27 फरवरी को धर्मशाला में खेले जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications