पुजारा को बाहर किया गया लेकिन कोहली के आंकड़े भी वैसे ही हैं, पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने उठाया सवाल
Aakash Chopra on Cheteshwar Pujara: वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय टेस्ट और वनडे टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। उनके अलावा उमेश यादव को भी टीम से बाहर किया गया है। पुजारा को बाहर करने पर आकाश चोपड़ा ने सवाल पूछा है।
चोपड़ा का कहना है कि पुजारा के पिछले कुछ सालों के औसत को देखकर टीम से बाहर किया गया है, तो विराट कोहली ने भी पिछले तीन सालों में इतने ही औसत से रन बनाये हैं। चोपड़ा को सलेक्टर्स का फैसला थोड़ा अजीब लगा है। चयनकर्ताओं की आलोचना हो रही है।

अपने यूट्यूब चैनल पर चोपड़ा ने कहा कि पुजारा टीम में नहीं हैं, सवाल यह है कि क्या यह फैसला सही है? मैं अपनी राय नहीं दे रहा बल्कि टीम इंडिया के बल्लेबाजों के पिछले तीन सालों के आंकड़े दे रहा हूँ। रोहित शर्मा ने 18 मैचों में 43 के औसत से सबसे ज्यादा रन बनाये हैं। शुभमन गिल की 16 मैचों में औसत 32 की है और केएल राहुल की 11 मैचों में 30 की औसत है।
आकाश चोपड़ा ने कहा कि पुजारा की 28 मैचों में 29.69 की औसत है और उसी समय में विराट कोहली की औसत भी बराबर है और उन्होंने तीन मैच ज्यादा खेले हैं। रहाणे ने 20 मैच खेले हैं और उनकी औसत खराब रही है। उन्होंने 26।5 की औसत से रन बनाये हैं। आंकड़ों के आधार पर पुजारा को बाहर किया गया है लेकिन आपको यह नहीं सोचना चाहिए कि अब कभी नहीं होगा। रहाणे भी टीम से बाहर होकर वापस आए।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि बीच में पुजारा को भी बाहर किया गया था लेकिन काउंटी में शानदार खेल के दम पर वह वापस आ गए। नया वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप साइकल शुरू हो गया है लेकिन मैं नहीं समझता कि वह तब बूढ़े हो जाएँगे। भारतीय टीम ने एक अलग दिशा में सोचना शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज दौरे पर भारतीय टीम 12 जुलाई को पहला टेस्ट खेलेगी। टीम इंडिया में ऋतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसवाल की एंट्री हुई है लेकिन सरफराज खान को नहीं लेने पर बवाल हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications