PSL 2022 की चैम्पियन बनी लाहौर कलंदर्स तो जमकर पैसा बरसा, जानें किसे मिला कितना इनाम
नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से आयोजित किये जाने वाले फ्रैंचाइजी बेस्ड टी20 लीग पीएसएल के 7वें सीजन का समापन हो गया है, जिसमें शाहीन अफरीदी की कप्तानी वाली लाहौर कलंदर्स की टीम ने बाजी मारते हुए अपना पहला खिताब जीता है। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गये फाइनल मैच में लाहौर कलंदर्स का सामना मुल्तान सुल्तान्स से हुआ, जिसमें मोहम्मद हाफिज के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर लाहौर कलंदर्स की टीम ने 42 रनों से जीत हासिल कर पहला खिताब अपने नाम किया।

अपने होमग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लाहौर कलंदर्स की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं थी और उसने 5 ओवर के अंदर ही अपने 5 विकेट महज 25 रन के स्कोर पर खो दिये थे। कामरान गुलाम (15) ने मोहम्मद हाफिज (69) के साथ पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन 54 रन जोड़ने के बाद वो भी पवेलियन लौट गये। यहां से मोहम्मद हाफिज ने पारी को संभालते हुए अर्धशतक लगाया तो वहीं पर हैरी ब्रुक (22 गेंद में 41 रन) और डेविड वीज (8 गेंद में 28) की ताबड़तोड़ पारियों के दम पर लाहौर कलंदर्स की टीम 180 रन का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। जवाब में मुल्तान सुल्तान्स की टीम शाहीन शाह अफरीदी (3 विकेट), मोहम्मद हाफिज (2 विकेट), जमान खान (2 विकेट) की गेंदबाजी के सामने घुटने टेकते हुए नजर आयी और 19.3 ओवर्स में 138 रन पर ऑल आउट हो गई।
और पढ़ें: IND vs SL: धर्मशाला में जीतकर भारत ने रचा इतिहास, श्रीलंका को हराकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

लाहौर कलंदर्स पर हुई पैसों की बारिश, मुल्तान सुल्तान्स को भी मिला इनाम
लाहौर कलंदर्स ने 6 साल के इंतजार के बाद अपना पहला खिताब जीता है। वहीं 2019 के बाद यह चौथी बार हुआ है जब अंकतालिका में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम ने पीएसएल का खिताब जीता है। 2019 में क्वेटा ग्लैडिएटर्स, 2020 में कराची किंग्स, 2021 में मुल्तान सुल्तान्स और 2022 में लाहौर कलंदर्स ने यह कारनामा किया है। लाहौर कलंदर्स को खिताब जीतने के लिये पाकिस्तान सुपर लीग की प्राइज मनी 8 करोड़ पाकिस्तानी रुपये (भारत के करीब 3.40 करोड़) से नवाजा गया तो वहीं पर रनर्स अप रही मुल्तान सुल्तान की टीम को भी 3.2 करोड़ पाकिस्तानी रुपये (भारत के करीब 1.36 करोड़) का इनाम मिला। इस जीत के साथ ही खिलाड़ियों पर अवॉर्डस की बारिश हुई है। आइये एक नजर डालें कि किस खिलाड़ी को कौन सा अवॉर्ड मिला है।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने मोहम्मद रिजवान, जानें कितना मिला पैसा
वहीं मुल्तान सुल्तान्स के मोहम्मद रिजवान को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के साथ ही विकेटकीपर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है। मोहम्मद रिजवान ने पीएसएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज की लिस्ट में भी दूसरा स्थान हासिल किया। रिजवान ने 12 पारियों में 7 अर्धशतक की मदद और 68.25 की औसत से 546 रन बनाये। रिजवान को स्पिरिट ऑफ क्रिकेट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मोहम्मद रिजवान को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने के लिये 30 लाख पाकिस्तानी रुपये (भारत के करीब 12.74 लाख) का इनाम दिया गया।

खुशदिल शाह बनें फील्डर ऑफ द टूर्नामेंट
मुल्तान सुल्तान्स में मोहम्मद रिजवान के साथी रहे खुशदिल शाह ने भी अपनी फील्डिंग और ऑलराउंड प्रदर्शन से सभी का दिल जीता और पाकिस्तान सुपर लीग के 7वें सीजन में फील्डर ऑफ द टूर्नामेंट और ऑलराउंडर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से सम्मानित किये गये। खुशदिल शाह ने बल्लेबाजी में 153 रन बनाये तो वहीं पर 16 विकेट भी अपने खाते में डाले। इसके अलावा फील्डिंग में भी उन्होंने कई कमाल के कैच पकड़े जिसकी वजह से उन्हें फील्डर ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड मिला। खुशदिल शाह को फील्डर ऑफ द टूर्नामेंट चुने जाने की वजह से 35 लाख पाकिस्तानी रुपये (भारत के करीब 14.86 लाख) का इनाम भी दिया गया।

जानें कौन बना बैटर एंड बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट
कलंदर्स के लिये पीएसएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले फखर जमान को बैटर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जिन्होंने 13 मैचों में 152.72 की स्ट्राइक रेट और 45.23 की औसत से 588 रन बनाये। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 7 अर्धशतकीय पारियां भी खेली। वहीं टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहे शादाब खान को बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया जिन्होंने 8 पारियों में 6.46 की इकॉनमी से 19 विकेट अपने नाम किये। वहीं शाहीन अफरीदी ने 13 पारियों में 20 विकेट अपने नाम किये थे। इनके अलावा जमान खान को एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अवार्ड से सम्मानित किया गया, जिन्होंने लीग में तीसरे नंबर पर सबसे ज्यादा विकेट हासिल किये। जमान खान ने 13 पारियों में 18 विकेट अपने नाम किये। इन सभी प्लेयर्स को खिताब जीतने पर 35 लाख पाकिस्तानी रुपये (भारत के करीब 14.86 लाख रुपये) का इनाम दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications