IND vs SL: धर्मशाला में जीतकर भारत ने रचा इतिहास, श्रीलंका को हराकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली गई 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच धर्मशाला के मैदान पर खेला गया, जहां पर भारतीय टीम ने एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और 3 मैचों की सीरीज में श्रीलंका को क्लीन स्वीप किया। भारतीय टीम ने सीरीज का पहला मैच 62 रनों से जीता था, जबकि धर्मशाला के मैदान पर खेले गये दूसरे मैच में उसने 184 रन के लक्ष्य को महज 17.1 ओवर्स में हासिल कर लिया। ऐसे में जब तीसरे मैच का आगाज हुआ तो भारतीय टीम 4 बदलावों के साथ उतरी और उसने अपने पूरे गेंदबाजी अटैक को बदल दिया।

वहीं ईशान किशन के चोटिल होने की वजह से भारतीय टीम में एक बल्लेबाज भी कम खेल रहा था। इसके बावजूद भारतीय टीम ने आवेश खान, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई और हर्षल पटेल की गेंदबाजी के दम पर अच्छी शुरुआत करते हुए पहले 15 ओवर्स में सिर्फ 78 रन दिये, हालांकि आखिरी के ओवर्स में दासुन शनाका ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 74 रन पूरे किये और अंत के 5 ओवर्स में 68 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को 146 रनों के सम्मानजनक स्कोर पर पहुंचा दिया।
और पढ़ें: IND vs SL: आखिरी 5 ओवर में 68 रन ठोंक श्रीलंका ने की वापसी, शनाका ने फिर बचायी लाज

श्रेयस अय्यर ने तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड
रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिये कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर से दुष्मंत चमीरा के शिकार बने और टी20 क्रिकेट में किसी एक गेंदबाज का सबसे ज्यादा बार आउट होने के मामले में चमीरा का नाम सबसे ऊपर आ गया है। भारतीय टीम के लिये इस सीरीज में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे श्रेयस अय्यर ने एक बार फिर से पारी को संभाला और 45 गेंदों में नाबाद 73 रनों की पारी खेलकर टीम को मैच जिताया। यह पहली बार हुआ है जब भारतीय टीम के किसी खिलाड़ी ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में 200 से ज्यादा रन बनाये हैं। श्रेयस अय्यर इस सीरीज में एक बार भी आउट नहीं हुए हैं और उन्होंने 3 मैचों की टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली (199) को पीछे छोड़ दिया।

भारत ने की विश्व रिकॉर्ड की बराबरी
भारतीय टीम ने 146 रनों का पीछा करते हुए महज 16.5 ओवर्स में ही लक्ष्य को 4 विकेट से खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने टी20 क्रिकेट में लगातार जीत के मामले में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। यह भारतीय टीम के लिये लगातार 12वीं जीत है। इससे पहले यह रिकॉर्ड अफगानिस्तान (2018-19) के नाम था और अब भारत भी इस मामले में उसके साथ बराबरी पर पहुंच गया है। इस लिस्ट में रोमानिया की टीम का नाम भी शामिल है और उसने भी लगातार 12 टी20 मैचों में जीत हासिल की है।

एक ही टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाली टीम बना भारत
भारतीय टीम ने इस मैच में जीत के साथ ही एक विपक्षी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने की रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है और पाकिस्तान की टीम को पीछे छोड़ दिया है। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 17 टी20 मैच जीत लिये हैं और एक ही टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम के मामले में टॉप पर पहुंच गई है। इस लिस्ट में पाकिस्तान का नाम दूसरे पायदान पर है, जिसने जिम्बाब्वे के खिलाफ 17 मैच खेलकर 16 मैचों में जीत हासिल की है।

घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बनी इंडिया
इतना ही नहीं भारतीय टीम ने इस मैच में जीत के साथ घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ दिया। भारतीय टीम ने शनिवार को जीत के बाद घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने के मामले में न्यूजीलैंड की बराबरी कर ली थी और रविवार जीत हासिल करने के बाद टॉप पर पहुंच गई है। न्यूजीलैंड ने अपने घर पर खेले गये 73 मैचों में से 39 में जीत हासिल की है, जबकि भारत ने 61 मैचों में से 40 में जीत हासिल कर ली है। इस लिस्ट में अब भारतीय टीम सबसे आगे निकल गई है, जिसमें साउथ अफ्रीका की टीम (70 मैच 37 जीत) और वेस्टइंडीज (32 जीत) और ऑस्ट्रेलिया (31 जीत) का नाम भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications