No सूर्या, No ईशान… पूर्व बल्लेबाज ने बताया टी20 वर्ल्ड कप के लिए तीसरे ओपनर का नाम
पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दीप दासगुप्ता ने पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) को वर्ल्ड कप के लिए बतौर बैकअप ओपनर टीम में शामिल करने की बात कही है।
नई दिल्ली, 6 अगस्त: ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम एक्सपेरिमेंट के दौर से गुजर रही है। इंग्लैंड दौरे पर जहां टी20 मैचों में ऋषभ पंत को बतौर ओपनर आजमाया गया, तो वेस्टइंडीज के खिलाफ सूर्यकुमार यादव को ओपनिंग का मौका मिला। टीम में केएल राहुल की वापसी के बाद रोहित शर्मा के साथ कौन पारी की शुरुआत करेगा, इस पर भी सवालियां निशान खड़े हो गए हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दीप दासगुप्ता ने पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) को वर्ल्ड कप के लिए बतौर बैकअप ओपनर टीम में शामिल करने की बात कही है।
ये भी पढ़ें- CWG 2022: रेसलिंग में भारत को मिला तीसरा गोल्ड, दीपक पूनिया ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को हराया

शॉ को मिलना चाहिए मौका
दीप दासगुप्ता ने युवा ओपनर पृथ्वी शॉ को वर्ल्ड कप की टीम में शामिल करने की वकालत की है। पूर्व खिलाड़ी ने क्रिकट्रैकर को दिए इंटरव्यू में कहा, ''केएल राहुल और रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप के लिए मेरे पहले पसंदीदा ओपनर होंगे। तीसरे सलामी बल्लेबाज के तौर पर आप पृथ्वी शॉ को ट्राई कर सकते हैं। उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी की है और एक अलग ही तरह का स्किल सेट लेकर आते हैं, जिस तरह से वो शुरूआत करते हैं, उससे भले ही आपको 70, 80 या शतक बनाकर ना दें, लेकिन ताबड़तोड़ शुरूआत दे सकते हैं।''

ईशान अब लय में नहीं
बतौर ओपनर ईशान किशन के विकल्प को लेकर दीप दासगुप्ता ने कहा, ''इंटरनेशनल क्रिकेट में ईशान किशन ने अभी तक बहुत अच्छा किया है, लेकिन मौजूदा समय में वह अपनी लय खो चुके हैं।'' बता दें कि ईशान टीम इंडिया का हिस्सा जरूर हैं, लेकिन इंग्लैंड दौरे के बाद से उनको एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिल सका है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे और फिर टी20 मैचों में भी वो बेंच पर ही बैठे नजर आए।

शॉ ने 2021 में खेला था आखिरी मैच
22 वर्षीय पृथ्वी शॉ ने पिछले साल जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ भारत की ओर से आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था। अभी तक युवा ओपनर ने 5 टेस्ट में 42.38 की औसत से 339, 6 एकदिवसीय मैचों में 31.5 की औसत से 189 रन बनाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ शॉ को T2OI डेब्यू का मौका मिला था, लेकिन वो अपने पहले ही मैच में गोल्डन डक पर आउट हो गए थे। जुलाई के बाद से पृथ्वी को वापस टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया।

लगातार बनाए रन, लेकिन नहीं मिला मौका
IPL 2022 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए पृथ्वी शॉ ने 10 मैचों में 28.30 की औसत और 153 के जोरदार स्ट्राइक रेट के साथ कुल 283 रन बनाए थे। इसके बाद रणजी ट्रॉफी में भी मुंबई की ओर से उनका बल्ला खूब बोला। 6 मैचों में बाएं हाथ के ओपनर ने लगभग 36 की औसत से कुल 355 रन बनाए। इतने दमदार प्रदर्शन के बाद भी उनकी भारतीय टीम में वापसी नहीं हो सकी।












Click it and Unblock the Notifications