U19 WC का 5वां खिताब जीतने पर पीएम मोदी ने दी भारतीय टीम को बधाई, कहा- भविष्य सुरक्षित हाथों में है

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले जा रहे अंडर 19 विश्वकप में शनिवार को भारत और इंग्लैंड की टीम के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें 24 साल बाद खिताब जीतने के करीब पहुंचने वाली इंग्लैंड की टीम को भारत के हाथों 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने लगातार चौथी बार फाइनल में जगह बनायी थी और इंग्लैंड को मात देकर उसने अंडर 19 विश्वकप के इतिहास का 5वां खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय युवा टीम की इस जीत का पूरा देश जश्न मना रहा है और सोशल मीडिया के जरिये अपने बधाई संदेश दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मौके पर भारत की अंडर 19 टीम को विश्वकप का खिताब जीतने पर ढेर सारी बधाइयां दी हैं और उनके शानदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित और काबिल हाथों में हैं।
पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा,'इन युवा क्रिकेटर्स पर बहुत गर्व है। आईसीसी का अंडर 19 विश्वकप जीतने पर भारतीय टीम को ढेर सारी बधाइयां। इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने जबरदस्त काबिलियत दिखायी है और सर्वश्रेष्ठ स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर साबित कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित और काबिल हाथों में है।'
और पढ़ें: U19 WC 2022 में जीत के बाद भारतीय टीम कैसे मनायेगी जश्न, यश धुल ने बताया मजेदार तरीका
Recommended Video
उल्लेखनीय है कि भारत ने एंटिगुआ के सर विवियन रिचर्डस मैदान पर खेले गये फाइनल मैच में इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर अपना 5वां खिताब जीता। इस मैच से पहले दोनों ही टीमें अजेय थी लेकिन अंत में इंग्लैंड अपनी लय को बरकरार नहीं रख सका। भारतीय टीम ने इससे पहले साल 2000, 2008, 2012 और 2018 में भी इसका खिताब जीता है, जबकि 8 बार वो इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना चुका है।
पीएम मोदी के साथ ही असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिश्व शर्मा ने भी ट्विटर का सहारा लेते हुए भारतीय टीम को बधाई दी और कहा,'भारतीय अंडर 19 क्रिकेट टीम को मेरी ढेर सारी बधाइयां, आईसीसी अंडर 19 का यह विश्वकप जीतकर आप सभी ने खेल के प्रति अपने समर्पण और जुनून का शानदार प्रदर्शन किया है। यह जीत भारत के खेलों के इतिहास का एक और सुनहरा अध्याय है जिसके लिये हमें आप पर गर्व है। बेहद शानदार।'
और पढ़ें: सामने आयी कोहली और कुंबले के बीच हुई लड़ाई की असल वजह, भारतीय टीम के पूर्व मैनेजर ने किया खुलासा
गौरतलब है कि अंडर 19 विश्वकप के पहले ही मैच के बाद भारतीय टीम के कप्तान यश धुल और उपकप्तान शेख रशीद समेत 6 खिलाड़ी कोरोना वायरस की चपेट में आ गये थे, लेकिन निशांत सिंधु की कप्तानी में जिस भी खिलाड़ी ने जिम्मेदारी ली उसने भारत को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। फाइनल मैच में भारत के लिये राज बावा ने ऑलराउंड प्रदर्शन (5 विकेट हॉल, 35 रन) किया तो रवि कुमार के खाते में भी 4 विकेट आये, वहीं पर शेख रशीद और निशांत सिंधु की अर्धशतकीय पारियों के चलते भारत ने 189 रनों का पीछा 4 विकेट पहले ही कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications