परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को मोदी कैबिनेट की मंजूरी, लोकसभा में बढ़ेंगी 50% सीटें, समझिए पूरा प्लान
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले एक बड़ा सियासी दांव चल दिया है। शुक्रवार (27 दिसंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सेवातीर्थ (Sevateerth) में हुई करीब एक घंटे की कैबिनेट बैठक में परिसीमन (Delimitation) और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई।
इस फैसले के तहत देश के सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या एकसमान 50 प्रतिशत बढ़ाने और परिसीमन की प्रक्रिया को जनगणना से अलग करने के प्रस्ताव पर मुहर लगी है। खास बात यह है कि सीटों के नए बंटवारे के बाद अगले 25 साल यानी 2051 तक राज्यों के बीच सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा। सरकार 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा में यह बिल पेश करने की तैयारी में है ताकि 2029 के आम चुनाव से पहले 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया जा सके।

क्या है 50% सीट बढ़ोतरी का नया फॉर्मूला?
कैबिनेट की ओर से मंजूर किए गए बदलावों से लोकसभा का पूरा नक्शा बदल जाएगा।
- सीटों का नया आंकड़ा: लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं । 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने पर यह संख्या करीब 815 से 816 तक पहुंच जाएगी, यानी लगभग 272 नई सीटें जुड़ेंगी, जबकि प्रस्तावित बिल में अधिकतम सीमा 850 सीटों तक रखने की बात है।
- दक्षिणी राज्यों की चिंता दूर: तमिलनाडु और केरल जैसे दक्षिणी राज्यों का तर्क था कि अगर जनसंख्या के आधार पर परिसीमन हुआ, तो आबादी नियंत्रित करने वाले राज्यों को नुकसान होगा और ज्यादा आबादी वाले उत्तरी राज्यों की सीटें बढ़ जाएंगी। हर राज्य की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने और 2051 तक अंतर-राज्यीय हिस्सेदारी फ्रीज रखने से हर राज्य का अनुपात सुरक्षित रहेगा।
- महिला आरक्षण पर फोकस: संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम 2023 के तहत 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को भविष्य की जनगणना और परिसीमन से जोड़ा गया था। अब परिसीमन को जनगणना से अलग कर सरकार बढ़ी हुई सीटों के जरिए महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का रास्ता साफ कर रही है।
अप्रैल में क्यों गिर गया था सरकार का पिछला बिल?
परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को लेकर सरकार अप्रैल 2026 में भी संसद में कोशिश कर चुकी है। उस समय सरकार ने संविधान के 131वें संशोधन विधेयक को पेश किया था। इसमें लोकसभा की सीटें बढ़ाने और महिला आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव था। लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया। उनकी मुख्य आपत्ति यह थी कि महिला आरक्षण को अगली जनगणना और परिसीमन से जोड़ने के बजाय इसे जल्द लागू करने का रास्ता निकाला जाना चाहिए।
17 अप्रैल को लोकसभा में इस विधेयक पर मतदान हुआ। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े। हालांकि, संविधान संशोधन के लिए मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत थी। सरकार यह आंकड़ा हासिल नहीं कर सकी और विधेयक गिर गया। इसके साथ ही परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े अलग विधेयक भी आगे नहीं बढ़ पाए। अब सात महीने बाद सरकार संशोधित फॉर्मूले के साथ फिर संसद पहुंचने की तैयारी में है।
विपक्ष में किस पार्टी का क्या रुख है?
नए प्रस्ताव पर विपक्षी दलों के बीच एक राय नहीं है। समाजवादी पार्टी ने परिसीमन विधेयक का विरोध किया है। डीएमके और बीआरएस ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन का संकेत दिया है। वहीं कांग्रेस ने सरकार की इस कवायद को संविधान पर हमला बताया है।
कांग्रेस का आरोप है कि सरकार इन विधेयकों को पास कराने के लिए पर्दे के पीछे बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने अपने सांसदों के लिए व्हिप भी जारी किया है, ताकि मतदान के दौरान सभी सांसद सदन में मौजूद रहें और पार्टी के रुख के मुताबिक वोट करें।
सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से चर्चा में शामिल होने की अपील की है। सरकार को उम्मीद है कि संशोधित प्रस्ताव के बाद कुछ विपक्षी दलों का समर्थन हासिल किया जा सकता है। हालांकि, संविधान संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाना अब भी सरकार के सामने बड़ी चुनौती है।
30 नवंबर से संसद में क्या होगा?
परिसीमन और महिला आरक्षण के नए प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को होगी। वहीं राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को प्रस्तावित है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि 30 नवंबर को लोकसभा में अहम विधेयक लाए जाएंगे। उन्होंने विपक्ष से बहस में हिस्सा लेने की अपील भी की है।
इस बीच विपक्षी दलों ने भी अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में संसदीय रणनीति समूह की बैठक प्रस्तावित है। शनिवार को इंडिया गठबंधन के नेता भी बैठक करेंगे।
अब सबकी नजर संसद पर है। सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अगला फैसला संसद को करना है। अगर ये प्रस्ताव पास होते हैं तो लोकसभा की मौजूदा संरचना, राज्यों के प्रतिनिधित्व और महिला आरक्षण के लागू होने की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।




Click it and Unblock the Notifications
