Gunmaaster G9 Review: 'गनमास्टर G9' में इमरान हाशमी का दमदार अवतार, क्लाइमैक्स और एक्शन की हो रही तारीफ
फिल्म: गनमास्टर G9 (Gunmaaster G9)
स्टारकास्ट: इमरान हाशमी, जेनेलिया डिसूजा, अपारशक्ति खुराना, इनायत वर्मा
डायरेक्टर: आदित्य दत्त
रनटाइम: 2 घंटे 23 मिनट
रेटिंग: 4 (****)
Gunmaaster G9 Review: इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'गनमास्टर G9' आज यानी 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस एक्शन थ्रिलर को लेकर रिलीज से पहले काफी बज बना हुआ था। इसकी एक बड़ी वजह इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया की जोड़ी भी है, जो करीब 21 साल बाद एक बार फिर साथ आई है।

मूवी में एक्शन, इमोशन और फैमिली ड्रामा का मिश्रण
में इमरान के साथ जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म में एक्शन, इमोशन और फैमिली ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलता है। लेकिन सवाल यह है कि क्या 'गनमास्टर G9' दर्शकों का पैसा वसूल करती है या फिर अपनी कमजोरियों की वजह से निराश करती है? आइए जानते हैं फिल्म का पूरा रिव्यू।
क्या है 'गनमास्टर G9' की कहानी?
-फिल्म की कहानी ईश्वर (इमरान हाशमी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भगवान शिव का भक्त है और जिसका अतीत अंडरवर्ल्ड की दुनिया से जुड़ा रहा है। हालांकि अब वह अपराध की दुनिया छोड़कर एक शांत पारिवारिक जिंदगी जी रहा है। हरिद्वार की पृष्ठभूमि में रची गई ये कहानी बताती है कि इंसान भले ही अपने अतीत से दूर जाने की कोशिश करे लेकिन उसके पुराने कर्म कभी-कभी उसका पीछा नहीं छोड़ते।
-ईश्वर अब एक डेयरी फार्म चलाता है और अपनी पत्नी आरती (जेनेलिया डिसूजा) और बेटी जिया (इनायत वर्मा) के साथ सुकून की जिंदगी बिता रहा है। उसकी दुनिया अपनी बेटी और परिवार तक सीमित है। हालांकि कहानी में नया मोड़ तब आता है, जब एक खतरनाक सिंडिकेट उसके परिवार को निशाना बनाने लगता है।
-अपने करीबियों पर मंडराते खतरे को देखकर ईश्वर को एक बार फिर अपने पुराने हिंसक अंदाज में लौटना पड़ता है। वह साफ कर देता है कि उसकी पत्नी और बेटी ही उसकी पूरी दुनिया हैं और उन्हें नुकसान पहुंचाने वाले को वह बख्शने वाला नहीं है। फिल्म की खास बात ये है कि यह सिर्फ मारधाड़ और बदले की कहानी नहीं है बल्कि इसके केंद्र में एक पिता का अपनी बेटी के लिए प्यार और परिवार को बचाने का जुनून भी है।
इमरान हाशमी का रफ एंड टफ अंदाज है फिल्म की जान
-इमरान हाशमी इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत हैं। ईश्वर के किरदार में उनका रफ एंड टफ लुक, बॉडी लैंग्वेज और दमदार डायलॉग डिलीवरी काफी प्रभावशाली है। एक्शन सीक्वेंस में उनका स्वैग देखने लायक है। वहीं जब वह एक पिता के रूप में अपनी बेटी के साथ नजर आते हैं तो उनके अभिनय का भावनात्मक पक्ष भी सामने आता है।
-इमरान हशमी ने एक ऐसे शख्स का किरदार निभाया है, जो अपने परिवार के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। एक्शन और इमोशन के बीच वह अच्छा संतुलन बनाते हैं। कुल मिलाकर, फिल्म में उनका दबदबा बना रहता है और यह कहना गलत नहीं होगा कि पूरी कहानी उनके कंधों पर टिकी है।
जेनेलिया डिसूजा बनीं सरप्राइज पैकेज
-फिल्म में जेनेलिया डिसूजा आरती के किरदार में नजर आती हैं। इमरान हाशमी के साथ उनकी केमिस्ट्री सहज लगती है। हालांकि पहले हाफ में उनका स्क्रीन टाइम थोड़ा कम है लेकिन सेकंड हाफ में उनका किरदार काफी अहम हो जाता है।
-खासकर क्लाइमेक्स के दौरान जेनेलिया डिसूजा अपने अभिनय से प्रभावित करती हैं। उनके किरदार में आने वाला बदलाव कहानी को एक नया मोड़ देता है। इस लिहाज से जेनेलिया फिल्म का सरप्राइज पैकेज साबित होती हैं।
-वहीं इनायत वर्मा ने जिया के किरदार में अच्छा काम किया है। फिल्म की भावनात्मक कहानी काफी हद तक उनके किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है। एक बेटी और पिता के रिश्ते को उन्होंने सहजता से पर्दे पर उतारा है।
अपारशक्ति खुराना का खूंखार अंदाज
अपारशक्ति खुराना इस फिल्म में देसू नाम के विलेन की भूमिका निभा रहे हैं। अपने अब तक के कई हल्के-फुल्के किरदारों से अलग यहां उनका अंदाज काफी खतरनाक है। वह अपने किरदार में डर और क्रूरता का भाव लाने की कोशिश करते हैं। इमरान के साथ उनके टकराव वाले दृश्य फिल्म में रोमांच बढ़ाते हैं।
आदित्य दत्त का निर्देशन कैसा है?
-फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है। इससे पहले वह 'आशिक बनाया आपने', 'दिल दिया है', 'टेबल नंबर 21' और 'कमांडो 3' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। इस बार उन्होंने इमरान हाशमी को केंद्र में रखकर एक्शन और पारिवारिक भावनाओं से जुड़ी कहानी पेश की है।
-निर्देशक ने फिल्म में एक्शन के साथ पिता-बेटी के रिश्ते को भी अहमियत दी है। हालांकि कहानी का कॉन्सेप्ट अच्छा होने के बावजूद इसकी प्रस्तुति हर जगह उतनी प्रभावशाली नहीं बन पाती। कुछ दृश्यों को और बेहतर तरीके से फिल्माया जा सकता था। इसके बावजूद सेकंड हाफ में कहानी की पकड़ बेहतर होती है और क्लाइमेक्स दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखता है।
हिमेश रेशमिया का म्यूजिक करता है निराश
-'गनमास्टर G9' की रिलीज से पहले इसके संगीत को लेकर काफी चर्चा थी। इसकी वजह इमरान हाशमी, हिमेश रेशमिया और आदित्य दत्त की पुरानी हिट तिकड़ी है। करीब 21 साल बाद ये जोड़ी फिर साथ आई है। ऐसे में दर्शकों को उम्मीद थी कि फिल्म के गाने भी पुराने दौर का जादू दोहराएंगे।
-हालांकि इस मामले में फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती। हिमेश रेशमिया का संगीत कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ता। इमरान की फिल्मों के पुराने गानों में जिस तरह का जुनून और पागलपन सुनने को मिलता था, वह यहां महसूस नहीं होता।
-इसके अलावा अवनीत कौर का आइटम सॉन्ग भी कहानी में स्वाभाविक रूप से जुड़ने के बजाय जबरदस्ती शामिल किया हुआ लगता है। ऐसे में फिल्म का म्यूजिक इसका कमजोर पक्ष बनकर सामने आता है।
फिल्म की कमियां क्या हैं?
-फिल्म का पहला हिस्सा थोड़ा धीमा महसूस होता है। कहानी को अपनी रफ्तार पकड़ने में वक्त लगता है। हालांकि, सेकंड हाफ में घटनाएं दिलचस्प होने लगती हैं और दर्शकों की उत्सुकता बढ़ती है। दूसरी कमी इसकी कहानी है। फिल्म का भावनात्मक आधार मजबूत है लेकिन इसकी कहानी में कुछ भी ऐसा नया नहीं है, जो एक्शन थ्रिलर देखने वाले दर्शकों को चौंका सके। परिवार पर खतरा, अतीत से लौटता अपराधी और अपनों को बचाने की लड़ाई जैसे पहलू पहले भी कई फिल्मों में देखे जा चुके हैं।
-कहानी का आइडिया अच्छा है लेकिन स्क्रीनप्ले और बेहतर हो सकता था। कुछ दृश्यों में भावनाओं को ज्यादा प्रभावशाली तरीके से पेश करने की गुंजाइश थी। वहीं संगीत भी फिल्म के अनुभव को खास बनाने में नाकाम रहता है।
क्यों देखें 'गनमास्टर G9'?
-अगर आप इमरान हाशमी के फैन हैं और उन्हें एक्शन अवतार में देखना पसंद करते हैं तो ये फिल्म आपके लिए एक बार देखने लायक है। इमरान हाशमी का स्वैग, दमदार डायलॉग और एक्शन सीक्वेंस फिल्म को संभालते हैं। इसके अलावा जेनेलिया की परफॉर्मेंस भी आपको चौंका सकती है।
-अगर आपको एक्शन के साथ पारिवारिक भावनाओं और पिता-बेटी के रिश्ते पर आधारित कहानियां पसंद हैं, तो भी आप इस फिल्म को मौका दे सकते हैं। हालांकि, अगर आप एक बिल्कुल नई और चौंकाने वाली एक्शन थ्रिलर की उम्मीद लेकर जा रहे हैं, तो आपको थोड़ी निराशा हो सकती है।
फाइनल वर्डिक्ट
'गनमास्टर G9' मूवी पूरी तरह इमरान हाशमी के स्वैग और अभिनय के दम पर आगे बढ़ती है। फिल्म में एक्शन और इमोशन का अच्छा मेल है लेकिन कमजोर म्यूजिक और कुछ पुराने लगने वाले कहानी के पहलू इसे बेहतरीन फिल्म बनने से रोकते हैं। इमरान हाशमी के फैंस के लिए ये एक बार देखी जा सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
