सामने आयी कोहली और कुंबले के बीच हुई लड़ाई की असल वजह, भारतीय टीम के पूर्व मैनेजर ने किया खुलासा

नई दिल्ली। साल 2017 में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और पूर्व हेड कोच अनिल कुंबले के बीच हुआ मशहूर विवाद भारतीय क्रिकेट के इतिहास के सबसे काले अध्याय में से एक माना जाता है। जून 2017 में इंग्लैंड की मेजबानी में खेले गये चैम्पियन्स ट्रॉफी 2017 के फाइनल मैच में पाकिस्तान के हाथों मिली हार के बाद भारतीय टीम के तत्कालीन हेड कोच अनिल कुंबले को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। कुंबले ने अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया था कि विराट कोहली अपने खेलने के तरीके को लेकर कुछ रिजर्वेशन रखते हैं। हालाकि इस मुद्दे पर कभी भी यह बात सामने नहीं आ पायी थी कि कोहली और कुंबले के बीच विवाद की असल वजह क्या था।
और पढ़ें: 'आधा भी कर लिया हासिल तो सफल हो जायेगा करियर', धोनी से रिजवान की तुलना पर भड़के पूर्व पाक कप्तान
लेकिन अब भारतीय टीम के पूर्व मैनेजर रत्नाकर शेट्टी ने अपनी किताब 'ऑन बोर्ड: टेस्ट, ट्रायल, ट्रायम्फ, माय इयर्स इन बीसीसीआई' में इस मशहूर विवाद का सिलसिलेवार तरीके से उल्लेख करते हुए विवाद के पीछे की असली वजह का उल्लेख किया है। पूर्व भारतीय मैनेजर ने अपनी किताब में खुलासा किया है कि कुंबले को कोच पद से हटाने की तैयारी कई महीनों पहले शुरू हो गई थी जब भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंदर सहवाग ने उन्हें इस बारे में बताया था।
और पढ़ें: कोहली के बाद कौन बन सकता है भारतीय टीम का अगला टेस्ट कप्तान, गांगुली ने दिया बड़ा बयान

सबसे पहले सहवाग ने किया था चौंकाने वाला खुलासा
शेट्टी ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गये एक आईपीएल मैच को याद करते हुए बताया कि उस मैच के दौरान उनकी मुलाकात मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और वीरेंदर सहवाग से हुई थी, जहां पर बीसीसीआई के पूर्व जनरल मैनजेर मतुरी वेंकट श्रीधर ने सहवाग को भारतीय टीम के नये हेड कोच के पद के लिये आवेदन करने की सलाह दी थी। जब सहवाग ने यह बात शेट्टी को बतायी तो वो खुद हैरान रह गये थे।
उन्होने लिखा,'आईसीसी चैम्पियन्स ट्रॉफी 2017 के फाइनल के बाद अनिल कुंबले ने जिस तरह से भारतीय टीम के हेड कोच के पद से इस्तीफा दिया उस घटना की नींव क्रिकेट सेंटर के गलियारों में काफी पहले से रखी जा चुकी थी। उस साल मई के दूसरे हफ्ते में खेले जा रहे आईपीएल में मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच वानखेड़े के मैदान पर खेले गये एक मैच के दौरान मेरी मुलाकात सचिन तेंदुलकर और वीरेंदर सहवाग से हुई। जहां पर वीरू ने मुझे बताया कि डॉ श्रीधर ने उन्हें भारतीय टीम के हेड कोच पद के लिये आवेदन करने की सलाह दी है। मैं इस बात को सुनकर हैरान रह गया।'

आईपीएल 2017 के फाइनल से पहले शुरू हो गई थी नये कोच की खोज
शेट्टी ने आगे बताया कि बीसीसीआई की एडमिनिस्ट्रेटर्स समिति (सीओए) ने आईपीएल 2017 के फाइनल से एक दिन पहले बैठक की और हैरान करने वाला ऐलान करते हुए बताया कि भारतीय टीम के नये हेड कोच को ढूंढने के प्रक्रिया जल्द शुरू की जायेगी। यह बात सुनकर अनिल कुंबले के पैरों तले जमीन खिसक गई।
उन्होंने आगे लिखा,'आईपीएल फाइनल से कुछ दिन पहले मैं हैदराबाद पहुंचा। मैच से पहले सीओए की एक मीटिंग होनी थी, जिसमें अनिल कुंबले और तब तक सभी प्रारूपों की कमान संभाल चुके कप्तान विराट कोहली को भारतीय क्रिकेट आगे ले जाने पर एक प्रेजेंटेशन देनी थी। इस मीटिंग में सीओए के दोनों सदस्य विनोद राय और डियाना एडुल्जी भी शामिल होने वाले थे। अनिल यहां पर हिस्सा लेने पहुंचे थे जबकि विराट वर्चुअली भाग लेने वाले थे। मीटिंग के दौरान विनोद राय ने 2016 में भारतीय टीम में नया कोच तय करने की बीसीसीआई की प्रक्रिया के बारे में पूछा, लेकिन इसके बाद जो हुआ वो चौंकाने वाला था। राय ने वहा पर मौजूद सभी लोगों के सामने कहा कि जल्द ही वह प्रक्रिया फिर से दोहरायी जायेगी। यह बात सुनकर अनिल और मैं दोनों हैरान रह गये। इस दौरान मुझे मई में वीरू की कही बात याद आई और मैंने उसे अनिल को बताया। जाहिर है डॉ श्रीधर ने अपनी तरह से वीरू को ऐसा करने के लिये नहीं कहा होगा।'

कुंबले से इस वजह से नाराज चल रहे थे कोहली
शेट्टी ने अपनी किताब में चैम्पियन्स ट्रॉफी फाइनल के बाद बीसीसीआई सदस्यों, कोहली और कुंबले के साथ हुई बैठक के बारे में भी बात की और बताया कि भारतीय कप्तान हार के बाद कोच के रवैये से खुश नहीं थे क्योंकि वो खिलाड़ियों के साथ खड़े होने के बजाय ड्रेसिंग रूम में तनाव भरा माहौल तैयार कर रहे थे।
उन्होंने लिखा,'यह साफ था कि कुछ लोग अनिल कुंबले के कोच बनने से खुश नहीं थे। कप्तान और कोच एक वेवलेंथ पर काम करते हुए नजर नहीं आ रहे थे और ऐसा महसूस हो रहा था कि निर्णय लेने में कोच की तुलना में कप्तान का हाथ ज्यादा भारी था। मुझे चैम्पियन्स ट्रॉफी फाइनल के बाद हुई एक मीटिंग का पता चला जिसमें हमें पाकिस्तान से हार मिली थी। इस मीटिंग में विराट, अनिल, जोहरी, अमिताभ चौधरी और डॉ श्रीधर मौजूद थे। इस मीटिंग में विराट कोच कुंबले से नाखुश थे क्योंकि वह खिलाड़ियों के साथ खड़े होने के बजाय ड्रेसिंग रूम में टेंशन भरा माहौल पैदा कर रहे थे और कई सारे बातें भी थी। कुंबले ने कोहली के साथ अपने रिश्ते को अस्थिर करार दिया था और जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर पॉमी एमबांग्वा से बात करते हुए कहा था कि इसका अंत बेहतर तरीके से हो सकता था।'












Click it and Unblock the Notifications