बाबर आजम की उड़ान पर लगेगी लगाम! गाज बनकर गिर सकती है PCB की रिव्यू मीटिंग
बाबर आजम के अंडर में पाकिस्तान की टेस्ट परफॉरमेंस खराब रही है। नजम सेठी की अगुवाई में पीसीबी अपनी रिव्यू मीटिंग के बाद बाबर आजम के बढ़ते कद को छोटा भी कर सकता है।

पाकिस्तान क्रिकेट हाल में ही मैनेजमेंट लेवल पर बड़े बदलावों से गुजरा है। वहां पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई की तरह से स्वतंत्र संस्था नहीं है बल्कि पाक सरकार के अंडर में काम करती है। ऐसे में इमरान खान के जाने के बाद पीसीबी के पुराने मुखिया नजम सेठी फिर से वापस आ गए और इमरान के करीबी समझे जाने वाले रमीज राजा बाहर हो गए। बोर्ड की सिलेक्शन कमेटी में भी शाहिद अफरीदी एक मुखिया के तौर पर आए जिन्होंने सरफराज अहमद को वापस बुलाकर साबित कर दिया कि पाकिस्तान क्रिकेट का ढांचा उसी ढर्रे पर वापस लौटाना है जहां नजम सेठी ने पिछले कार्यकाल में छोड़ा था।

टेस्ट मैचों में 10 में से 1 ही जीत
सरफराज की एंट्री एक मास्टरस्ट्रोक साबित हुई और वे कहीं ना कहीं बाबर आजम की अगुवाई वाले लीडरशिप ग्रुप को चुनौती दे रहे हैं। भले ही सरफराज का कप्तान बनना अभी दूर की कौड़ी हो लेकिन बाबर आजम के पर कतरे जा सकते है क्योंकि जैसी परफॉरमेंस पाकिस्तान ने हाल में ही टेस्ट सीरीज के दौरान दी है उसके चलते पीसीबी अपनी रिव्यू मीटिंग में सख्त फैसले ले सकता है। हाल में ही इंग्लैंड ने पाकिस्तान में आकर 3-0 से सीरीज जीती और फिर न्यूजीलैंड ने भी 0-0 से ड्रा हुई सीरीज में आधिपत्य जमाया। कुल मिलाकर बाबर आजम की अगुवाई में 2022 में खेले गए टेस्ट मैचों में 10 में से 1 ही जीत पाकिस्तान के नसीब हुई है।

पीसीबी और बदलाव चाहता है
जाहिर है पीसीबी और बदलाव चाहता है और नजम सेठी यहां पर स्प्लिट कप्तानी को आजमाने से परहेज नहीं करेंगे। फिलहाल आजम पर तीनों फॉर्मेट में कप्तान होने का भार भी दिखाई देता है। उम्र के एक पड़ाव के बाद खिलाड़ी तेजी से धीमे होते जाते हैं, ऐसा हमने कई धुरंधरों के साथ देखा है लेकिन बाबर आजम ने पिछले कुछ समय से अपने स्ट्राइक रेट में निर्णायक गिरावट देखी है। उनको लगातार धीमेपन के लिए आलोचना का शिकार होना पड़ता है। आजम पर कहीं ना कहीं वर्कलोड है वर्ना वे क्लासिक बल्लेबाज हैं जो रन बनाने के तरीके ढूंढ ही लेंगे।

सकलैन मुश्ताक को भी आगे नहीं रखा जाएगा
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट कहती है कोच सकलैन मुश्ताक को भी आगे नहीं रखा जाएगा जिनका कार्यकाल फरवरी में समाप्त हो रहा है। मार्च में पाकिस्तान सुपर लीग के बाद रिव्यू मीटिंग होनी है जहां पर अलग फॉर्मेट अलग कप्तान के रास्ते पर चला जा सकता है। हाल में वनडे में शादाब खान की गैरमौजूदगी में शान मसूद को नया उप-कप्तान नियुक्त किया गया था जबकि उन्होंने अपना अंतिम मैच 2019 में खेला था। तो हो सकता है वनडे टीम में भी बदलाव हो जाएं।

मीटिंग तय करेगी बाबर आजम का कद वैसा रहता है या नहीं
नजम सेठी चाहते हैं कि उनके पिछले कार्यकाल वाली स्थिति वापस आए। शायद उनको नहीं जानना है कि रमीज राजा के कार्यकाल में क्या काम हुए और उनको आगे बढ़ाना है कि नहीं बल्कि सेठी ने क्षेत्रीय और डिपार्टमेंट क्रिकेट को आगे बढ़ाने का फैसला किया है जहां से पाकिस्तान को रूट लेवल पर कुछ खिलाड़ी मिल सकें। देखना होगा रिव्यू मीटिंग के बाद बाबर आजम का कद वैसा रहता है या नहीं।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications