Asia Cup 2023: मैच वेन्यू बदलने से PCB हुआ कंगाल, जय शाह को लेटर लिख मांगा मुआवजा
Asia Cup 2023: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एशिया कप टूर्नामेंट के मैच श्रीलंका में होने के कारण गेट मनी के नुकसान के लिए एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) से मुआवजे की मांग की है। पीसीबी ने हालांकि इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि बोर्ड के अध्यक्ष जका अशरफ ने एसीसी के प्रमुख जय शाह को औपचारिक पत्र लिखकर मुआवजा देने की मांग की है।
अशरफ ने एसीसी द्वारा श्रीलंका में मैचों के शेड्यूल पर निराशा व्यक्त की है। किसी का नाम लिए बिना पीसीबी प्रमुख ने यह भी पूछा है कि एसीसी बोर्ड के अन्य सदस्यों को विश्वास में लिए बिना वेन्यू बदलने के अंतिम समय के फैसले के लिए कौन जिम्मेदार था।

अशरफ के पत्र में भारत और नेपाल के बीच मुकाबले के बाद श्रीलंका और पाकिस्तान सहित कुछ एसीसी सदस्यों के बीच एक बैठक का भी जिक्र है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अशरफ ने लिखा कि, 'बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि चूंकि पूर्वानुमान है कि हंबनटोटा में मौसम साफ रहेगा, इसलिए कोलंबो में होने वाले मैचों को वहां स्थानांतरित किया जाना चाहिए।'
पत्र के अनुसार, 5 सितंबर को दोनों मेजबान देशों और एसीसी द्वारा यह निर्णय लिया गया कि मैचों को हंबनटोटा में स्थानांतरित किया जाना चाहिए, जिसके बाद श्रीलंका के मुख्य क्यूरेटर को पिच तैयार करने के लिए भेजा गया था। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि ब्रॉडकास्ट टीम ने भी हंबनटोटा जाने की व्यवस्था करना शुरू कर दी थी।
पत्र में कहा गया है कि एसीसी ने इसकी पुष्टि करते हुए पीसीबी को एक ईमेल भेजा है, जो आयोजन स्थल में बदलाव की घोषणा करने के लिए एक प्रेस विज्ञप्ति भेजेगा। अशरफ ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया है कि कुछ समय बाद पीसीबी को ईमेल पर विचार न करने के लिए कहा गया था, लेकिन बाद में घोषणा की गई कि मैच कैंडी और कोलंबो में कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जाएंगे।
पाकिस्तान को नजरअंदाज करने पर जताई नाराजगी
उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी व्यक्त की है कि टूर्नामेंट और आयोजन स्थलों पर महत्वपूर्ण निर्णय लेते समय मेजबान पाकिस्तान को किस तरह नजरअंदाज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications