IND vs PAK के बीच शुरू होगी द्विपक्षीय श्रृंखला? जानें क्या बोले पाकिस्तान से लौटे BCCI अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
Asia Cup 2023: बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी पड़ोसी देश की यात्रा के दौरान पाकिस्तान में मिले गर्मजोशी भरे और मैत्रीपूर्ण व्यवहार पर खुद को रोक नहीं सके, जबकि बोर्ड उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने जोर देकर कहा कि तनावपूर्ण राजनयिक संबंध साझा करने वाले दोनों देशों के बीच क्रिकेट एक पुल हो सकता है। पीसीबी के निमंत्रण पर एशिया कप मैच देखने के बाद बिन्नी और शुक्ला बुधवार को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत लौट आए हैं।
17 साल में यह पहला मौका था जब बीसीसीआई के दो पदाधिकारियों ने पाकिस्तान की यात्रा की। यात्रा से वापसी के बाद बिन्नी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि, 'पाकिस्तान में हमारी बहुत अच्छी मुलाकात हुई। हमें बहुत अच्छा आतिथ्य मिला। उन्होंने हमारा बहुत अच्छे से ख्याल रखा। मुख्य एजेंडा क्रिकेट देखना और उनके साथ बैठकर चीजों पर चर्चा करना था। कुल मिलाकर, यह एक बहुत अच्छी यात्रा थी।'

दरअसल, दोनों देश केवल आईसीसी (ICC) या एसीसी (ACC) आयोजनों में एक-दूसरे के खिलाफ टूर्नामेंट खेलते हैं, क्योंकि दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव के कारण बायलेटरल सीरीज को निलंबित कर दिया है। आखिरी बार भारतीय क्रिकेट टीम ने 2008 में एशिया कप के लिए पाकिस्तान की यात्रा की थी। पाकिस्तान ने आखिरी बार 2006 में बायलेटरल सीरीज के लिए भारत की मेजबानी की थी। पाकिस्तान ने आखिरी बार 2012 में भारत का दौरा किया था।
द्विपक्षीय श्रृंखला पर क्या बोले बसीसीआई अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
पाकिस्तान के साथ बायलेटरल क्रिकेट की बहाली की संभावना के बारे में पूछे जाने पर बिन्नी ने दोहराया कि वे इस पर कोई फैसला नहीं कर सकते। 'बीसीसीआई कुछ नहीं कह सकता। यह एक सरकारी मुद्दा है, और उन्हें निर्णय लेना होगा। हमें बस इंतजार करना होगा।'
दरअसल, भारत और पाकिस्तान इस समय श्रीलंका में एशिया कप में व्यस्त हैं और 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में बहुप्रतीक्षित विश्व कप मुकाबले में फिर आमने-सामने होंगे। हालांकि विश्व कप के लिए पाकिस्तान की भारत यात्रा को लेकर आपत्तियां थीं, लेकिन पीसीबी अंततः सहमत हो गया।
शुक्ला ने आतिथ्य सत्कार के लिए पीसीबी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि, 'बैठक बहुत अच्छी रही। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हमारा बहुत अच्छा ख्याल रखा। सुरक्षा जबरदस्त थी, सभी व्यवस्थाएं शानदार थीं। यह क्रिकेट के लिए एक सद्भावना यात्रा थी जो अच्छी तरह से संपन्न हुई।'
शुक्ला ने बताया क्यों किया गया पाकिस्तान का दौरा?
उन्होंने बताया कि, 'एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष जय शाह बीसीसीआई के सचिव भी हैं, इसलिए इसे ध्यान में रखते हुए, हमने यह दौरा किया। बीसीसीआई के सभी एसीसी सदस्यों के साथ अच्छे संबंध हैं, इसलिए हमने श्रीलंका का भी दौरा किया।'
एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया और फाइनल में संभावित भिड़ंत से पहले दोनों टीमें रविवार को कोलंबो में एक बार फिर एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी।












Click it and Unblock the Notifications