PBKS vs CSK: कौन हैं पंजाब किंग्स के लिये डेब्यू करने वाले वैभव अरोड़ा, पहले ही मैच में मचाया तहलका
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 11वां मैच मुंबई के ब्रोबॉन स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां पर पहली जीत की तलाश कर रही चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का सामना पंजाब किंग्स से हो रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के लिये कप्तान रविंद्र जडेजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और प्लेइंग 11 में एक बदलाव करते हुए क्रिस जॉर्डन को मौका दिया। वहीं पंजाब किंग्स की टीम ने भी आज के मैच में दो बदलाव करते हुए वैभव अरोड़ा और जितेश शर्मा को मौका दिया।
पंजाब किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 180 रन का स्कोर खड़ा किया। लियाम लिविंगस्टोन ने इस दौरान 32 गेंदों का सामना कर 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 60 रनों की पारी खेली और आईपीएल का अपना पहला अर्धशतक लगाया तो वहींं पर डेब्यू कर रहे जितेश शर्मा ने 17 गेंदों का सामना कर 3 छक्के लगाये और 26 रनों की पारी खेली।

वैभव ने तोड़ी सीएसके के टॉप ऑर्डर की कमर
वहीं जब रनों का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने बल्लेबाजी करना शुरू किया तो पावरप्ले में सिर्फ 27 रन जोड़कर 4 विकेट खो दिये। इस दौरान कगिसो रबाडा ने गायकवाड़ का विकेट लेकर टीम को पहली सफलता दिलायी तो वहीं पर डेब्यू कर रहे वैभव अरोड़ा ने अपने दो ओवर में 2 विकेट हासिल किये। वैभव अरोड़ा ने पहले फॉर्म में चल रहे रॉबिन उथप्पा का वापस पवेलियन भेजा तो वहीं पर अगले ओवर में मोइन अली का विकेट लेकर सीएसके के टॉप ऑर्डर की कमर तोड़ दी।

2 साल में पहली बार पावरप्ले में आउट हुए उथप्पा
आईपीएल के इतिहास में पिछले 2 सीजन में पहली बार हुआ है जब उथप्पा पावरप्ले के दौरान आउट हुए हैं। उथप्पा के आउट होने के बाद से ही वैभव अरोड़ा के बारे में जानने के लिये लोगों के बीच होड़ लग गई कि यह युवा गेंदबाज कौन है जिसने सीएसके की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया है। उल्लेखनीय है कि पंजाब किंग्स के लिये खेलने वाले वैभव अरोड़ा इस सीजन टीम से जुड़ने से पहले 2020 में बतौर नेट बॉलर पंजाब के साथ जुड़े हुए थे लेकिन इस बार नीलामी में पंजाब की टीम ने 2 करोड़ रुपये देकर अपने खेमे से जोड़ा।

घरेलू क्रिकेट में ऐसा है रिकॉर्ड
अंबाला में जन्मे वैभव अरोड़ा ने क्रिकेट खेलने के लिये चंडीगढ़ शिफ्ट होने का फैसला किया था और कुछ साल तक प्रोफेशनल क्रिकेट खेलने के बाद हिमाचल की टीम से करियर को आगे बढ़ाने का फैसला किया। साल 2017 में उन्हें एक गंभीर चोट लगी थी जिसके बाद वो एक साल तक क्रिकेट से दूर रहे लेकिन उसके बाद जबरदस्त तरीके से वापसी की। 9 दिसंबर 2019 को उन्हें हिमाचल की टीम से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिला और उन्होंने 9 मैच खेलकर 30 विकेट अपने नाम किये। वहीं 10 जनवरी 2021 को सैयद मुश्ताक अली में टी20 डेब्यू करते हुए 12 मैच खेले और 12 विकेट अपने नाम किये। इसके बाद उन्हें लिस्ट ए क्रिकेट में भी मौका मिला और 5 मैचों में 8 विकेट अपने नाम किये।

दोनों तरफ स्विंग कराते हैं वैभव अरोड़ा
छोटे प्रारूप में वैभव अरोड़ा ने अपनी स्विंग गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया और दोनों तरफ स्विंग कराने की काबिलियत के दम पर कई फ्रैंचाइजियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसकी वजह से वैभव अरोड़ा को मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स की टीम ने ट्रॉयल्स के लिये बुलाया और केकेआर ने उन्हें 20 लाख के बेस प्राइस में अपने खेमे से जोड़ा। हालांकि कोलकाता की टीम ने उन्हें किसी भी मैच में डेब्यू नहीं कराया और जब इस ऑक्शन में उन पर बोली लगी तो पंजाब किंग्स ने 2 करोड़ देकर अपने खेमे में शामिल किया।

डेब्यू मैच में वैभव ने मचाया तहलका
वैभव अरोड़ा ने अपने डेब्यू मैच में शानदार गेंदबाजी कर चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे में तहलका मचा दिया है। 9 ओवर का खेल समाप्त होने के बाद सीएसके की टीम ने 41 रन के स्कोर पर अपने 5 विकेट खो दिये हैं, जिसमें वैभव की गेंदबाजी का अहम योगदान है। वैभव ने इस दौरान 4 ओवर फेंक कर सिर्फ 21 रन दिये और 2 बड़े विकेट अपने नाम किये। वैभव के अलावा पंजाब के लिये कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह और ओडिन स्मिथ ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किये।












Click it and Unblock the Notifications