PBKS vs CSK: लिविंगस्टोन के तूफान के बाद गेंदबाजों ने करायी चेन्नई की वापसी, आखिरी 5 ओवर में दिये सिर्फ 33 रन
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 11वां मैच मुंबई के ब्रॉबोन स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां पर चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के टीम के बीच भिड़ंत हो रही है। सीएसके के लिये कप्तान रविंद्र जडेजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पहले 10 ओवर में 109 रन देने के बाद अगले 10 ओवर में जबरदस्त वापसी की और पंजाब किंग्स की टीम को निर्धारित 20 ओवर्स में 180 रन पर रोक दिया। पंजाब किंग्स की टीम ने पहले 10 ओवर में 2 विकेट खोकर 109 रन बना लिये थे, लेकिन अगले 10 ओवर्स में पंजाब किंग्स की टीम ने 6 विकेट खोकर सिर्फ 71 रन जोड़े। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि सीएसके के गेंदबाजों ने टीम की वापसी कराने का काम किया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम के लिये मयंक अग्रवाल और शिखर धवन पारी का आगाज करने उतरे, वहीं पर पहले दो मैच में हार का सामना करने के बाद सीएसके की टीम को पावरप्ले में विकेट की दरकार थी, जिसे मुकेश चौधरी ने इस मैच में दिलाने का काम किया और पहले ही ओवर में पंजाब किंग्स के कप्तान को वापस पवेलियन भेज दिया।

मुकेश चौधरी ने दिलायी पहली सफलता
इसके बाद दूसरे ओवर में जब क्रिस जॉर्डन गेंदबाजी करने आये तो धोनी की फुर्ती के चलते सीएसके की टीम को दूसरी सफलता मिली और भानुका राजपक्षे रन आउट होकर वापस पवेलियन लौटे। हालांकि यहां से लियाम लिविंगस्टोन ने तेजी से रन बनाते हुए पारी को संभालने का काम किया। तीसरे ओवर में लिविंगस्टोन ने एक छक्का और एक चौका लगाकर 10 रन बना डाले, तो वहीं पर 5वें ओवर में मैच का रुख बदला, जिसमें 2 छक्के और 4 चौके लगाकर लिविंगस्टोन ने 26 रन बटोरे। छठे ओवर में धवन ने भी गियर बदला और एक छक्का, 2 चौका लगाकर 15 रन बटोरे और पावरप्ले में 2 विकेट खोकर 72 रन जोड़े।

लिविंगस्टोन के तूफान में उड़ी चेन्नई
पंजाब किंग्स की ओर से बनाया गया पावरप्ले का यह स्कोर दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बना। इस सीजन पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के नाम है जिन्होंने इसी मैदान पर खेले गये पिछले मैच में एक विकेट खोकर 73 रन जोड़े थे। 7वें ओवर में जडेजा की गेंद पर अंबति रायडु कैच पकड़ने में नाकाम रहे थे तो लिविंगस्टोन को फायदा मिला और उन्होंने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक ठोंक डाला। लिविंगस्टोने ने 32 गेंदों का सामना किया और 5 चौके एवं 5 छक्के लगाकर 60 रनों की पारी खेली।

गेंदबाजों ने करायी वापसी
लिविंगस्टोन के अलावा शिखर धवन (24 गेंद, 33 रन) और जितेश शर्मा (26) ने भी अहम पारियां खेलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने का काम किया। हालांकि ब्रावो ने 10वें ओवर में धवन का विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी करवाई तो जडेजा ने लियाम लिविंगस्टोन का विकेट हासिल किया। ड्वेन प्रिटोरियस ने जितेश शर्मा का विकेट चटकाया तो वहीं पर क्रिस जॉर्डन ने शाहरुख खान और ओडिन स्मिथ को वापस पवेलियन भेजा। राहुल चाहर ने आखिर में आकर एक चौके और एक छक्के की मदद से रन बनाये लेकिन प्रिटोरियस ने उनका विकेट लेकर पंजाब को वापसी नहीं करने दी।












Click it and Unblock the Notifications