बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट से भी बाहर हुए पैट कमिंस, यह दिग्गज खिलाड़ी संभालेगा ऑस्ट्रेलिया की कप्तान
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट मैच से पैट कमिंस बाहर हो गए हैं। उनकी जगह स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी संभालेंगे। पैट कमिंस दिल्ली टेस्ट के बाद स्वदेश लौट गए थे।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। चार टेस्ट मैचों की सीरीज में अभी भारतीय टीम 2-1 से आगे है। ऑस्ट्रेलिया ने इंदौर में खेला गया तीसरा टेस्ट मैच जीत लिया था। अब ऑस्ट्रेलिया की नजर आखिरी मैच जीतकर भी सीरीज को बराबर करने पर रहेगी। वहीं भारतीय टीम चाहेगी कि आखिरी मैच जीतकर सीरीज को जीता जाए और WTC के फाइनल में जगह बनाई जाए। अहमदाबाद टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया को एक झटका लग गया है। दरअसल, टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस चौथे टेस्ट से भी बाहर रहेंगे और उनकी जगह स्टीव स्मिथ टीम की कमान संभालेंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जारी किया बयान
बता दें कि पैट कमिंस दिल्ली टेस्ट के बाद स्वदेश लौट गए थे। उनकी मां किसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं, जिनकी देखभाल के लिए कमिंस ऑस्ट्रेलिया लौट गए थे। इंदौर टेस्ट में पैट कमिंस के नहीं होने की वजह से स्टीव स्मिथ ने कप्तानी की थी और मैच जीता था। अहमदाबाद टेस्ट में स्टीव स्मिथ ही ऑस्ट्रेलिया टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "पैट कमिंस अपने परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया में रहने के लिए अहमदाबाद टेस्ट से बाहर हो गए हैं, स्टीव स्मिथ उनकी जगह आखिरी टेस्ट में कप्तानी करेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications