पैट कमिंस IPL में खेलंगे या हो जाएंगे बाहर? ताजा अपडेट कर सकता है फैंस को हैरान
Pat Cummins: सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस की फिटनेस इस समय चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है। 26 मार्च से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग से पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने अपनी चोट को लेकर खुलकर बात की है। कमिंस मैदान पर लौटने को उत्सुक जरूर हैं, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया है कि उनकी वापसी पूरी तरह उनकी पीठ की रिकवरी पर निर्भर करेगी।
पिछले सात महीनों से कमिंस बैक इंजरी से जूझ रहे हैं। यही वजह रही कि घरेलू एशेज सीरीज में वह पांच में से सिर्फ एक टेस्ट मैच ही खेल पाए। इसके बाद श्रीलंका और भारत में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप से भी उन्हें बाहर होना पड़ा। उन्होंने इसे माइनर सेटबैक बताया, लेकिन समय की कमी के कारण वह टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह फिट नहीं हो सके।

कमिंस ने बताया कि एडिलेड टेस्ट के बाद मेडिकल टीम को अंदाजा था कि उन्हें चार से आठ हफ्तों का आराम चाहिए। शुरुआत में उम्मीद थी कि चार हफ्तों में वापसी हो सकती है, क्योंकि वह खुद को बेहतर महसूस कर रहे थे। लेकिन फॉलो-अप स्कैन के बाद डॉक्टरों ने सलाह दी कि हड्डी को पूरी तरह स्थिर होने के लिए कुछ और समय चाहिए। इसी कारण वापसी की टाइमलाइन थोड़ी और आगे खिसक गई।
IPL को लेकर कमिंस ने उम्मीद तो जताई है, लेकिन कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते। आने वाले हफ्तों में एक और स्कैन होगा। अगर रिपोर्ट सकारात्मक रहती है, तो वह धीरे-धीरे ट्रेनिंग शुरू करेंगे। उनका मानना है कि टी20 फॉर्मेट में वापसी करना अपेक्षाकृत आसान होता है, इसलिए वह वर्ल्ड कप खेलने के काफी करीब थे, लेकिन पूरी तरह जोखिम नहीं लेना चाहते थे।
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया का आगामी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम भी इस फैसले में अहम भूमिका निभा रहा है। अगले 18 महीनों में टीम को बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट खेलने हैं, साउथ अफ्रीका और भारत का दौरा करना है, फिर एशेज सीरीज, वनडे वर्ल्ड कप और संभावित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल भी है। इतने व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए कमिंस और टीम मैनेजमेंट किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते। उनका मानना है कि अगर अभी सावधानी नहीं बरती गई और चोट दोबारा उभर आई, तो आगे चलकर परेशानी और बढ़ सकती है।
फिलहाल तस्वीर यही है कि पैट कमिंस IPL में नजर आ सकते हैं, लेकिन उनकी भागीदारी की सीमा उनकी मेडिकल रिपोर्ट तय करेगी। हैदराबाद के फैंस उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं ऑस्ट्रेलिया भी चाहता है कि उनका कप्तान पूरी तरह फिट होकर लंबे समय तक टीम का नेतृत्व करे। अब सबकी नजर अगली मेडिकल जांच पर टिकी है, जो कमिंस के IPL भविष्य की दिशा तय करेगी।












Click it and Unblock the Notifications