AFG vs PAK: शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तानी फैंस को याद आए बाबर और रिजवान, कहा- इनके बिना टीम अधूरी है
अफगानिस्तान के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए पहले टी20 मैच में पाकिस्तान की टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद फैंस ने पीसीबी पर निशाना साधा है।

अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में हुई पाकिस्तान की शर्मनाक हार के बाद से ट्विटर पर घमासान मचा हुआ है। दरअसल, पाकिस्तानी फैंस ने पीसीबी को कोसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार रात को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 6 विकेट से मात दे दी। पाकिस्तान के लिए यह हार शर्मनाक इसलिए है, क्योंकि अफगानिस्तान ने पहली बार इंटरनेशनल मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज की है। इस मैच में अफगानिस्तान के बॉलिंग अटैक के आगे पाकिस्तान के बल्लेबाज ऐसे धराशाई हुए कि वो 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 92 रन ही बना पाए। इस लक्ष्य को अफगानिस्तान ने 18वें ओवर में ही हासिल कर लिया।
फैंस ने पीसीबी को सुनाई खरी-खोटी
पाकिस्तान के हार से सोशल मीडिया पर पीसीबी के खिलाफ फैंस का गुस्सा देखने को मिल रहा है। आपको बता दें कि पीसीबी सेलेक्टर्स ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए एक नई टीम को दुबई भेजा है। इस टीम से तमाम सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया था और शादाब खान को टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। पीसीबी सेलेक्टर्स का यह एक्सपेरिमेंट पहले मैच में तो पूरी तरह से फेल हो गया। शारजाह में फैंस को एक हाई स्कोरिंग मैच की पूरी उम्मीद थी, लेकिन पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने उन उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में सिर्फ 92 रन ही बना पाई। पाकिस्तान की ओर से इमाद वसीम हाई स्कोरर रहे। उन्होंने 32 गेंदों में 18 रन की पारी खेली।
पाकिस्तानी फैंस को याद आए बाबर और रिजवान
शारजाह में मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तानी फैंस ट्विटर पर भड़के हुए नजर आ रहे हैं। फैंस को इस हार के बाद बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान याद आ रहे हैं। यूजर्स का मानना है कि बाबर आजम के रहते कम से कम ऐसी हार तो कभी नसीब नहीं हुई, वो एक छोर को संभाले रखते हैं। यूजर्स का कहना है कि बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के बिना पाकिस्तानी टीम अधूरी है। आपको बता दें कि अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान समेत कई सीनियर प्लेयर को आराम दिया गया है। पीसीबी ने इस टीम में कई नए चेहरो को शामिल किया था।












Click it and Unblock the Notifications