PAK vs NZ: जीत से 15 रन दूर रह गया पाकिस्तान, सरफराज की शतकीय पारी के बाद भी कराची टेस्ट हुआ ड्रॉ
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा है। पाकिस्तान जीत से 15 रन और न्यूजीलैंड सिर्फ 1 विकेट दूर रह गया है।

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची में खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मैच भी ड्रॉ रहा है। फील्ड अंपायरों ने खराब रोशनी के कारण खेल को रोकने का फैसला किया, जिसके बाद मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया। आपको बता दें कि कराची टेस्ट एकदम रोमांचक मोड़ पर जाकर ड्रॉ हुआ। जिस वक्त अंपायरों ने खेल को रोकने का फैसला किया, उस वक्त पाकिस्तान को जीत के लिए 15 रनों की जरूरत थी तो वहीं न्यूजीलैंड को 1 विकेट चाहिए था और दिन का आखिरी ओवर बचा था। न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को जीत के लिए 319 रनों का लक्ष्य दिया था।
सरफराज का शतक भी नहीं दिला पाया जीत
कराची टेस्ट के आखिरी दिन के आखिरी सेशन में पाकिस्तान की टीम टेस्ट मैच जीतने की ओर बढ़ रही थी। सरफराज अहमद ने अपने टेस्ट करियर का चौथा शतक भी पूरा किया था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सरफराज अहमद का यह 8 साल बाद लगाया गया पहला शतक था, लेकिन उनकी शतकीय पारी भी पाकिस्तान को जीत नहीं दिला सकी। सरफराज 118 रन बनाकर आउट हुए। जिस वक्त सरफराज का विकेट गिरा था उस वक्त पाकिस्तान का स्कोर 8 विकेट के नुकसान पर 287 था और पाकिस्तान को जीत के लिए 32 रनों की जरूरत थी। सरफराज का विकेट 87वें ओवर की तीसरी गेंद पर गिरा था और उन्हें ब्रेसवेल ने आउट किया था।
खराब रोशनी के कारण जल्दी रोकना पड़ा खेल
सरफराज के आउट होने के बाद तेज गेंदबाज नसीम शाह बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने 11 गेंदों में 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 15 रन बनाकर पाकिस्तान को जीत दिलाने की कोशिश जरूर की, लेकिन खेल को खराब रोशनी के कारण 3 ओवर बाकि रहते हुए ही रोकना पड़ा और पाकिस्तान जीत से 15 रन दूर रह गया। हालांकि इस मैच को जीतने का न्यूजीलैंड के पास भी सुनहरा अवसर था, लेकिन नसीम शाह और हसन अली ने सरफराज के आउट होने के बाद अपने विकेट को संभाले रखा। कराची टेस्ट ड्रॉ हो जाने के बाद दो टेस्ट मैचों की यह सीरीज भी ड्रॉ रही।












Click it and Unblock the Notifications