'हमारे खिलाफ रची गई साजिश', पाकिस्तान दौरे पर रावलपिंडी की पिच से नाराज हुए पैट कमिंस
नई दिल्ली। 24 साल बाद पाकिस्तान की सरजमीं पर 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिये रावलपिंडी के मैदान पर खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस मैच में भले ही दोनों टीमों को बराबर के अंक मिले हों लेकिन प्रदर्शन के लिहाज से यह मैच कंगारू टीम के लिये कुछ खास साबित नहीं हुआ, खासतौर से बॉलर्स के नजरिये से, जिनके खाते में पूरे मैच के दौरान सिर्फ 4 विकेट ही आये। सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 476 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 459 रन बनाये।

वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम के लिये अबदुल्लाह शफीक (136*) और इमाम उल हक (111*) की जोड़ी ने बल्लेबाजी करते हुए मैच 5वां दिन बिना कोई विकेट खोये निकाल दिया और मैच ड्रॉ पर समाप्त हो गया। इस मैच के दौरान रावलपिंडी की पिच को लेकर लगातार सवाल उठाये जा रहे हैं, जिसे मैच से पहले ही रोड की तरफ एकदम सपाट बताया जा रहा था। वहीं मैच के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने भी पिच को लेकर सवाल खड़े किये हैं और टीम के खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया है।
और पढ़ें: 'शादी करने पर खत्म हो जाती है निजी जिंदगी', साक्षी धोनी ने शादी को लेकर दिया बड़ा बयान

पिच को लेकर हुई साजिश
पैट कमिंस का मानना है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को फायदा देने और ऑस्ट्रेलियाई पेसर्स को पूरी तरह से बेअसर साबित करने के लिये जान बूझकर ऐसी पिच तैयार की गई, जिसकी वजह से उनके गेंदबाज विकेट निकाल पाने में कामयाब नहीं हो सके।
ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बात करते हुए कमिंस ने कहा,'पिच को लेकर मैं यही कहना चाहता हूं कि रावलपिंडी में जिस तरह की पारंपरिक पिच देखने को मिलती है यह वो बिल्कुल भी नहीं थी। मैच के बाद यह कहना गलत नहीं होगा कि ऐसी पिच तैयार कर बस यही कोशिश की जा रही थी कि किसी तरह से तेज गेंदबाजी के अटैक को बेकार किया जा सके।'

हमारे बल्लेबाजों ने किया अच्छा प्रदर्शन
कमिंस ने जहां एक ओर पिच की आलोचना की तो वहीं पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि उपमहाद्वीप में आकर जिस तरह खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया वो काबिल ए तारीफ है।
उन्होंने कहा,'मेरे हिसाब से यह हमारे लिये काफी सकारात्मक नतीजा है। आप उपमहाद्वीप में आते हैं और मैच को ड्रॉ कराते हैं जो कि काफी अच्छा नतीजा है। हम आने वाले समय में कुछ अलग कोशिश करेंगे। 5 में से 3 दिन मैदान पर फील्डिंग करने के बावजूद हमारे गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की और तीनों पेसर्स ने 25-30 ओवर्स प्रति दिन फेंके जो कि ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट मैचों के हिसाब से काफी हल्का वर्कलोड है। हमें ज्यादा रिवर्स स्विंग देखने को नहीं मिली लेकिन वो आने वाले मैचों में आ सकती है, लेकिन मैं इस बात से खुश हूं कि सब अच्छा बीता है और हम सब बिना किसी खरोंच के आगे आ गये हैं।'

पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मैच में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक ने दोनों पारियों में शतक लगाया और पाकिस्तान के लिये दोनों पारियों में शतक लगाने वाले 10वें बल्लेबाज बन गये। पैट कमिंस ने इसको लेकर पाकिस्तानी बल्लेबाजों की तारीफ की और कहा कि मुझे लगता है कि उन्होंने पूरे मैच में शानदार बल्लेबाजी की और जब भी मैदान पर उतरे खुद को टिकाये रखने में कामयाब हुए। आपको बता दें कि सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 12 मार्च से खेला जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications