PAK vs AUS: लाहौर में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रचा इतिहास, चेज किया ODI का सबसे बड़ा स्कोर
नई दिल्ली। पाकिस्तान दौरे पर पहुंची ऑस्ट्रेलिया की टीम इस समय 3 मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है, जिसके पहले मैच में जीत हासिल करने के बाद एरॉन फिंच की कप्तानी वाली टीम को दूसरे वनडे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम पर खेले गये इस मैच में पाकिस्तान की टीम ने 6 विकेट से जीत हासिल कर न सिर्फ सीरीज में वापसी की है बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिये वनडे क्रिकेट के सबसे बड़े स्कोर को सफलतापूर्वक चेज करने का रिकॉर्ड भी बनाया है।

ऑस्ट्रेलिया की टीम ने सीरीज के पहले मैच में 88 रनों से जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की थी लेकिन पाकिस्तान की टीम ने दूसरे वनडे मैच में 6 विकेट से जीत हासिल कर 1-1 की बराबरी कर ली है। सीरीज का आखिरी मैच शनिवार को खेला जायेगा।
और पढ़ें: IPL 2022: लखनऊ के बेबी एबी ने जड़ा ऐसा छक्का, फूटा महिला दर्शक का सिर

फिर चला हेड का बल्ला, मैक्डॉमट ने भी ठोंका शतक
पाकिस्तान की टीम ने लाहौर के मैदान पर खेले गये इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के लिये ट्रैविस हेड (89), बेन मैक्डॉमट (104), मार्नस लाबुशेन (59) और मार्कस स्टॉयनिस (49) ने विस्फोटक पारियां खेलकर विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने निर्धारित 50 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 348 रन का स्कोर बना डाला और जीत के लिये 349 रनों का लक्ष्य रखा।

बाबर-इमाम के दम पर पाकिस्तान ने रचा इतिहास
पाकिस्तान की टीम ने कभी भी इतना बड़ा स्कोर चेज नहीं किया था, लेकिन कप्तान बाबर आजम (114) और इमाम उल हक (106) की शतकीय पारियों के साथ ही फखर जमान (67) की अर्धशतकीय पारी के दम पर मजबूत शुरुआत की। वहीं मोहम्मद रिजवान (23) और खुशदिल शाह (27) की विस्फोटक पारियों के दम पर पाकिस्तान की टीम ने एक ओवर पहले ही स्कोर को चेज कर लिया और पाकिस्तान क्रिकेट के वनडे इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर चेज कर डाला।

ऑस्ट्रेलिया के नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
गेंदबाजी में पाकिस्तान के लिये शाहीन शाह अफरीदी ने 4 विकेट हासिल कर अपनी टीम की वापसी करायी थी तो वहीं पर मोहम्मद वसीम जूनियर ने 2 विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। इस हार के साथ ही ऑस्ट्रेलिया की टीम ने शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया और पांचवी बार वनडे क्रिकेट के सबसे बड़े स्कोर को बचाने में नाकाम रही। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया की टीम सबसे ज्यादा बार 330 से ज्यादा के स्कोर को डिफेंड करने में नाकाम रहने वाली टीम बन गई है।












Click it and Unblock the Notifications