IPL 2022: लखनऊ के बेबी एबी ने जड़ा ऐसा छक्का, फूटा महिला दर्शक का सिर
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो गया है जिसके 7वें मैच में फैन्स को आईपीएल इतिहास के चौथे सबसे लक्ष्य का आसानी से पीछा करते हुए मैच जीतने का पल देखने को मिला। आईपीएल के इतिहास में पहली बार खेलने उतरी लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम का सामना इस मैच में डिफेंडिंग चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स से हुआ जिसने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में लखनऊ सुपर जाएंटस की टीम ने 4 विकेट खोकर 211 रन बना डाले और एक गेंद पहले ही मैच को जीत लिया।

इस जीत के साथ ही लखनऊ सुपर जाएंटस की टीम ने आईपीएल इतिहास की अपनी पहली जीत हासिल की तो वहीं पर सीएसके के नये कप्तान रविंद्र जडेजा को लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा। लखनऊ की टीम ने रनों का पीछा करते हुए कप्तान केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक के दम पर पहले 10 ओवर में 98 रन जोड़ लिये थे, लेकिन सीएसके के लिये ड्वेन प्रिटोरियस और ड्वेन ब्रावो ने शानदार गेंदबाजी कर अपनी टीम की वापसी करा दी।
और पढ़ें: IPL 2022: कौन हैं लखनऊ के खिलाफ डेब्यू करने वाले मुकेश चौधरी, धोनी ने की करियर बनाने में मदद

शिवम दुबे के ओवर में पलटा मैच
10वें ओवर तक लखनऊ की जो टीम आसानी से मैच जीतती हुई नजर आ रही थी, उसे भारी ओस के बावजूद ब्रावो और प्रिटोरियस की जोड़ी ने 18वें तक मुश्किल में ला खड़ा किया था और सीएसके की पकड़ मजबूत कर दी थी। आखिरी के दो ओवर्स में लखनऊ को जीत के लिये 34 रन की दरकार थी, लेकिन सीएसके के पास मुख्य गेंदबाजों के ओवर बचे नहीं थे। इसे देखते हुए कप्तान जडेजा ने शिवम दुबे को 19वां देकर बड़ा दांव खेला, हालांकि उनका यह दांव उलटा पड़ गया और लखनऊ के लिये एविन लुईस और आयुष बदौनी ने 25 रन ओवर से हासिल कर मैच को एकतरफा कर दिया।

बदौनी के छक्के ने फोड़ा सिर
19वें ओवर में एविन लुईस ने पहले एक छक्का और एक चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया जिसके बाद टीम में बेबी एबी (डिविलियर्स) के नाम से मशहूर आयुष बदौनी ने चार्ज लिया और पहले एक छक्का और फिर चौका लगाया। आयुष बदौनी का यह छक्का टीम के लिये भले ही काफी फायदेमंद साबित हुआ लेकिन मैच देखने आयी एक महिला दर्शक को इससे चोट लग गई और उनका सिर फूट गया। आयुष बदौनी का यह छक्का सीएसके को चीयर करने पहुंची महिला दर्शक के सिर पर जाकर लगा और वो थोड़ी देर तक दर्द में नजर आयी। स्टेडियम स्टाफ ने पहुंचकर दर्शक का हाल पूछा लेकिन उन्होंने मैच के रोमांच को देखते हुए दर्द को किनारे कर दिया।
जीत के बाद लखनऊ ने गाया खास विक्ट्री सॉन्ग
शिवम दुबे के महंगे ओवर के बाद लखनऊ को आखिरी ओवर में जीत के लिये महज 9 रन की दरकार रह गई। जिसे हासिल करने के लिये बदौनी ने ओवर की पहली लीगल डिलिवरी पर छक्का लगा दिया और मुकेश चौधरी के इस ओवर में एक गेंद पहले ही जीत हासिल कर ली। जीत के बाद लखनऊ सुपर जाएंटस की टीम ने ड्रेसिंग रूम में पहुंचकर एक विक्ट्री सॉन्ग भी गाया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications