World Cup: पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल से बाहर? जानें इंग्लैंड को कितने रनों से हराना होगा
Pakistan out of World Cup Semifinal: श्रीलंका के खिलाफ न्यूजीलैंड की जीत के साथ ही पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल से लगभग बाहर हो गई है। इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान को मैच में कुछ ऐसा करना होगा, जिसके बारे में कल्पना भी नहीं की जा सके। पाकिस्तान के पास सेमीफाइनल में जाने के लिए एक मुश्किल रास्ता है।
इंग्लैंड की टीम अगर पहले बैटिंग करती है, तो पाकिस्तान की टीम बाहर ही है। इंग्लैंड की टीम से मिला हुआ लक्ष्य पाकिस्तान को 156 गेंदों में ही हासिल करना होगा, यह कहीं से भी मुमकिन नहीं दिख रहा है। इसके अलावा अगर पाकिस्तान पहले खेलती है, तो इंग्लैंड को 287 रनों से हराना होगा। यह भी मुमकिन नहीं दिख रहा है।

अगर पहले खेलते हुए पाक टीम 300 का स्कोर करती है, तो इंग्लैंड को 13 पर आउट करना होगा। इसी तरह 400 के स्कोर में इंग्लैंड को 113 रनों पर आउट करना होगा। 450 रन बनाने पर पाक टीम के गेंदबाजों को इंग्लिश टीम को 162 रनों के कुल स्कोर पर आउट करना पड़ेगा और 500 रन बनाकर 211 पर आउट करना होगा। इनमें से कोई भी आंकड़ा आसान नहीं है। पाकिस्तान को कोई चमत्कार ही करना पड़ेगा।
पाकिस्तानी टीम के अभी 8 अंक है। इंग्लैंड के खिलाफ साधारण जीत दर्ज करने पर वे नेट रन रेट के मामले में न्यूजीलैंड से पीछे ही रहेंगे। उस स्थिति में न्यूजीलैंड की टीम टॉप चार में है। फ़िलहाल कहा जा सकता है कि पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल से बाहर हो गई है और न्यूजीलैंड की टीम टॉप चार में भारत के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में सेमीफाइनल मैच खेलेगी।
अफगानिस्तान की टीम भी न्यूजीलैंड की जीत के साथ ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है। अफगानिस्तान के पास अभी एक मैच और है लेकिन नेट रन रेट माइनस में है। श्रीलंका को बेंगलुरु में न्यूजीलैंड ने 5 विकेट के अंतर से मुकाबला हरा दिया। 172 रनों का पीछा करते हुए कीवी टीम ने 24वें ओवर में जीत दर्ज कर ली।












Click it and Unblock the Notifications