भारत के इस कदम से तिलमिलाया पाकिस्तान, 2023 वर्ल्ड कप के बहिष्कार की दे डाली धमकी
टी20 वर्ल्ड कप में 23 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाईवोल्टेज मैच से पहले दोनों देशों के बीच मैदान से बाहर क्रिकेट संबंधों में फिर से खटास आती दिख रही है। दरअसल, हाल ही में भारत ने अगले साल पाकिस्तान में होने वाले एशिया कप के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया है, जिसके बाद पाकिस्तान की ओर से धमकी दी गई है कि वो 2023 वर्ल्ड कप के लिए भी भारत नहीं जाएंगे। आपको बता दें कि 2023 में वनडे विश्व कप भारत में आयोजित होना है।

भारत के फैसले पर है पाकिस्तान की प्रतिक्रिया
पाकिस्तान की ओर से यह धमकी भारत के उस फैसले की प्रतिक्रिया है, जिसमें बीसीसीआई सचिव जय शाह ने साफ कहा था कि भारतीय टीम अगले साल एशिया कप खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी। मंगलवार को जय शाह ने मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि अगले साल होने वाले एशिया कप में भारत किसी तटस्थ स्थान पर मैच खेलेगा, लेकिन भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी। आपको बता दें कि एशियाई क्रिकेट परिषद के कार्यकारी बोर्ड के निर्णय के अनुसार, पाकिस्तान अगले साल एशिया कप की मेजबानी करेगा। संयोग से बीसीसीआई सचिव जय शाह एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष भी हैं।
पाकिस्तान ने सख्त कदम उठाने पर विचार करना किया शुरू
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रमीज राजा के करीबी सूत्रों का कहना है कि जय शाह के बयान के बाद पाकिस्तान क्रिकेट ने विकल्पों पर विचार करना शुरू कर दिया है। उन विकल्पों में से एक है 2023 विश्व कप से बाहर होना। रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी भारत के फैसले के जवाब में सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रहा है। वह इस बात को भी जानता है कि आईसीसी और एसीसी इवेंट में पैसों का भारी नुकसान हो सकता है अगर जो पाकिस्तान की टीम भारत के साथ इन मल्टी टीम इवेंट में नहीं खेलती है तो।












Click it and Unblock the Notifications