'ये सब फिक्सिंग है', WCL फाइनल में फिजियो ने शोएब मलिक की जर्सी पर किया स्प्रे, वीडियो वायरल
वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2025) के फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका (SA) चैंपियंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान चैंपियंस को 9 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया, लेकिन मैच के दौरान साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी के अलावा कुछ और भी चर्चा में रहा- और वो था पाकिस्तान टीम के फिजियो की अजीब हरकत, जिसने सोशल मीडिया पर तूफान ला दिया।
मैच के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसमें पाकिस्तान टीम का फिजियो खिलाड़ी शोएब मलिक को स्प्रे दे रहा था- लेकिन मांसपेशियों पर नहीं, बल्कि सीधा जर्सी पर स्प्रे कर रहा था! इस गलती को देखते ही मीम्स की बाढ़ आ गई।

इंटरनेट यूजर्स के रिएक्शन की बाढ़
एक यूजर ने लिखा, 'जरा इस आदमी को तो देखो। ये पिछड़े पाकिस्तानी फिजियो सचमुच मोच का स्प्रे मांसपेशियों पर लगाने की बजाय टी-शर्ट पर लगाते हैं।' एक दूसरे यूजर ने लिखा, 'लगता है ये कुछ नया सीखकर आया है। एक दूसरे यूजर ने तो यहां तक दावा कर दिया कि, ये सब फिक्सिंग करने का तरीका है, बाहर से मैसेज आया है इतना रन करना है और आउट होना है।'
मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही, जब अनुभवी ओपनर कामरान अकमल सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन शर्जील खान ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए 44 गेंदों पर 76 रन की पारी खेली।
इसके अलावा मोहम्मद हफीज (17 रन), शोएब मलिक (20 रन), उमर अमीन (36*) आसिफ अली (28) और आमेर यामिन (2*) ने योगदान दिया। इस दौरान टीम ने 20 ओवर में 195/5 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की ओर से हार्डस विल्जोएन और वेन पार्नेल ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि ड्वेन ओलिवियर के खाते में 1 विकेट आया।
डीविलियर्स का बल्ला बोला, पाकिस्तान की एक न चली
196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई, जब हाशिम अमला सिर्फ 18 रन बनाकर सईद अजमल का शिकार बने। लेकिन इसके बाद 'मिस्टर 360' एबी डीविलियर्स का शो देखने को मिला। जिन्होंने अपने क्लासिकल स्टाइल में मैदान के चारों ओर शॉट्स की बारिश करते हुए 60 गेंदों पर नाबाद 120 रन ठोक डाले और पाकिस्तान के गेंदबाजों की एक न चलने दी।
पहली बार चैंपियन बना साउथ अफ्रीका
इस धमाकेदार जीत के साथ साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने अपना पहला WCL खिताब जीत लिया। जहां एक ओर डीविलियर्स की पारी की जमकर तारीफ हो रही है, वहीं पाकिस्तान के फिजियो की 'स्प्रे मिस्टेक' ने मैच में अलग ही रंग भर दिया।












Click it and Unblock the Notifications